बिहार के बेगूसराय में एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया. बताया जा रहा है कि मृतक जदयू के पूर्व विधायक बोगो सिंह के यहां ड्राइवरी का काम करता था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस घटना को सुलझा लिया जाएगा.
मृतक की पहचान पहचान नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-45 छोटी एघु निवासी राम प्रकाश सिंह उर्फ मांगो सिंह के 27 वर्षीय पुत्र राजू कुमार सिंह के रूप में हुई है. वो मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बोगो सिंह का ड्राइवर था. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष फैजल अहमद अंसारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ पर से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर मृतक का बाइक, एक जोड़ी हवाई चप्पल एवं टोपी पड़ी मिली.
लीची के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
राजू कुमार सिंह का शव लीची के पेड़ पर लाल रंग की प्लास्टिक की रस्सी से लटका मिला था. शव को देखकर ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पेड़ से करीब 50 मीटर दूर राजू कुमार सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई. उसके बाद शव को बगीचा में घसीट कर लाया गया और लीची के पेड़ से लटका दिया गया.
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की
इस मामले पर डीएसपी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर 2 बजे मुफस्सिल थाना पुलिस को पेड़ से लटके शव होने की सूचना मिली थी. मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जल्द ही इस घटना को सुलझा लिया जाएगा.
सौरभ कुमार