मुंगेर के असरगंज थाना इलाके में घर का ताला खोलने को लेकर सास और बहू में विवाद हो गया. इस दौरान बहू ने अपनी 50 वर्षीय सास पर सिलबट्टे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया. घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विपुल कुमार अस्पताल पहुंचे और महिला से घटना की जानकारी ली. इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की.
डॉक्टरों ने महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया है. एफएसएल टीम ने कलाली मोड़ स्थित जख्मी महिला के आवास पर पहुंचकर मारपीट में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद किया, इसी के साथ जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया. पुलिस ने जख्मी किरण देवी के आवेदन पर दारोगा बहू नूतन कुमारी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है. इसके बाद एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया.
दरअसल, कलाली मोड़ की रहने वाली किरण देवी के बेटे ऋतुराज की शादी दो साल पहले रहमतपुर बासा मांझी टोला की रहने वाली नूतन कुमारी से लव मैरिज हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों पक्षों में संबंध तनावपूर्ण रहने लगे. ऋतुराज दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद पर हैं, जबकि नूतन कुमारी मधुबनी में 2018 बैच की पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं.
पीड़ित महिला ने क्या बताया?
पीड़ित महिला किरण देवी ने बताया कि नूतन कुमारी छोटी बहू है. वह बार-बार जान से मारने के लिए धमकी दे रही है. मेरे बेटे और बहू ने प्रेम-प्रसंग के चलते शादी की थी. बहू ने मुझे मारने का प्रयास किया है. बहू पूरे परिवार के साथ आयी थी और पत्थर का सिलबट्टा मेरे सिर पर मार दिया. शादी के बाद से बहू ने मुझे टारगेट कर लिया था. कई बार मैसेज और वॉट्सएप करती थी. मैंने उसको ब्लॉक कर रखा था.
पुलिस ने आरोपी बहू को कर लिया गिरफ्तार
25 फरवरी को बहू अपने मायके आई थी. उसे जानकारी थी कि हम घर में अकेले हैं. इसी के चलते उसने मेरी हत्या का प्रयास किया. वहीं घायल महिला के बड़े बेटे मनजीत कुमार ने कहा कि वर्ष 2024 में भाई ने प्रेम प्रसंग में नूतन से शादी की थी. शादी के बाद दिल्ली में भाई के साथ रहने लगी, लेकिन कुछ दिनों के बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई. साल 2025 में मेरी मां पर दारोगा नूतन ने हमला किया था. वहीं असरगंज थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित महिला के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया. आरोपी नूतन कुमारी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है.
गोविंद कुमार