बिहार में सरकारी शिक्षकों के लिए खुशखबरी है. नीतीश सरकार ने लगभग एक दशक से सेवारत शिक्षकों को प्रमोशन देने का फैसला किया है. अप्रैल से शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू होगी.
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विधान परिषद में इस संबंध में ऐलान किया. एमएलसी प्रो. संजय कुमार सिंह ने शिक्षकों को प्रमोशन नहीं मिलने का मामला सदन में उठाया था. जवाब में शिक्षा मंत्री ने कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष खत्म होने के बाद शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
शिक्षकों के तबादले पर नई नियमावली
इधर, बिहार में सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तबादले की नई नीति अप्रैल में लागू होने की संभावना है. शिक्षा विभाग नई नियमावली को तैयारी करने में जुटा हुआ है.
विभाग शिक्षकों के तबादले के लिए पहले से बनी नियमावली को संशोधित कर रहा है. विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मार्च में इस नियमावली को अंतिम रूप दे दिया जाएगा. नई नियमावली तय होने के बाद राज्य कैबिनेट से मंजूरी लेकर इसे लागू किया जाएगा.
जून से शुरू होंगे तबादले
नियमावली के आधार पर इसी साल जून में बड़े पैमाने पर शिक्षकों के तबादले होने की उम्मीद है. नई नियमावली में जिलास्तरीय शिक्षकों के तबादले के लिए डीएम की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय कमेटी होगी. इस कमिटी में उप- विकास आयुक्त, एडीएम स्तर के एक अधिकारी और डीईओ शामिल होंगे.
प्रधानाध्यापक समेत प्रमंडल स्तर के शिक्षकों के तबादले के लिए प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय कमेटी होगी. इस कमिटी में आरडीडीई समेत प्रमंडल स्तर के अधिकारी होंगे. इन कमेटियों की अनुशंसा के आधार पर शिक्षकों का तबादला होगा.
राज्यकर्मियों के लिए भी गुड न्यूज
इधर, राज्यकर्मियों के लिए भी गुड न्यूज है. वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन होली से पहले मिलेगा. राज्य में नियमित कर्मचारियों की संख्या 7.5 लाख है. इसके अलावा 5 लाख 85 हजार शिक्षक-प्रधानाध्यापक हैं.
शशि भूषण कुमार