बिहार के दरभंगा में एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है. शहर के लोहिया चौक से सैदनगर होते हुए एकमी पुल तक सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं. जहां भी सरकारी जमीन पर दुकान या मकान बना हुआ मिला, उसे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई.
खास बात यह रही कि इस बार आमतौर पर दिखने वाला विरोध नजर नहीं आया. प्रशासन द्वारा पहले से मेकिंग और सूचना दिए जाने के बाद कई लोगों ने खुद ही अपनी दुकान और मकान हटाने शुरू कर दिए. लोग अपना सामान सुरक्षित निकालने में लगे दिखे.
यह भी पढ़ें: दरभंगा में अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोजर... लहेरियासराय टावर से बेंता तक अवैध दुकानें ध्वस्त
भारी पुलिस बल और दो बुलडोजर तैनात
इसके बावजूद प्रशासन पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचा. भारी पुलिस बल और दो बुलडोजर तैनात किए गए. दरभंगा के एसडीएम विकास कुमार खुद मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे.
जहां कंक्रीट के पक्के निर्माण थे और लोगों ने खुद नहीं हटाया, वहां बुलडोजर चलाकर उन्हें तोड़ा गया. एसडीएम ने सभी अतिक्रमणकारियों से अपील की कि दो दिनों के भीतर खुद ही अतिक्रमण हटा लें, नहीं तो प्रशासन कार्रवाई करेगा.
एलिवेटेड सड़क के लिए हो रही कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, शहर को जाम से राहत देने के लिए लगभग तेरह-चौदह किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क बनाई जानी है. पहले चरण में लोहिया चौक से एकमी तक डबल डेकर फ्लायओवर का निर्माण प्रस्तावित है. इसी के लिए जमीन की नापी पूरी कर ली गई है और अतिक्रमण हटाया जा रहा है.
स्थानीय निवासी रवि कुमार ने बताया कि चार दिनों से लोगों को सूचना दी जा रही थी. ज्यादातर लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा रहे हैं. उनका कहना है कि यह सरकार का सराहनीय कदम है और इससे सड़क चौड़ी होगी.
कुछ लोगों ने मांगा और समय
वहीं स्थानीय निवासी अलका कुमारी ने कहा कि विकास अच्छी बात है, लेकिन लोगों को थोड़ा और समय मिलना चाहिए था. उन्होंने बताया कि हाल ही में दुकान बनाई थी, ऐसे में तुरंत हटाना मुश्किल है.
एसडीएम विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि नोटिस पहले ही दिया जा चुका है. अगले दो दिनों में अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया जाएगा. जो लोग खुद नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि नाराजगी बहुत कम है और लोगों को समझाकर हटाया जा रहा है.
प्रह्लाद कुमार