बिहार: लू और चिलचिलाती धूप से बेहाल लोग, तापमान 35 डिग्री पार, AES को लेकर अलर्ट जारी

बिहार में भीषण गर्मी और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है और मुजफ्फरपुर में अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है. डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं AES को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है और विशेष वार्ड व मेडिकल टीमों की तैयारी की गई है.

Advertisement
भीषण गर्मी से अस्पतालों में बढ़े मरीज (Photo: Manibhushan Sharma/ITG) भीषण गर्मी से अस्पतालों में बढ़े मरीज (Photo: Manibhushan Sharma/ITG)

मणि भूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर ,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:26 PM IST

बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने आम लोगों की जिंदगी को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सिर्फ जरूरी काम की वजह से घरों से बाहर निकल रहे हैं. इतान ही नहीं गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखने लगा है.

Advertisement

मुजफ्फरपुर जिले में अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में लोगों की भीड़ देखी जा रही है. सदर अस्पताल की ओपीडी में हर दिन करीब एक हजार मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. इनमें बच्चे, बुजुर्ग और कामकाजी लोग शामिल हैं. ज्यादातर मरीज लू, बुखार, सर्दी-खांसी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से परेशान हैं. डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की हालत बिगड़ रही है.

भीषण गर्मी और लू से जनजीवन प्रभावित

मौसम विभाग के अनुसार, जिले में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. हालांकि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो जाती है. इस दौरान तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. यही वजह है कि इस समय घर से बाहर निकलना खतरनाक साबित हो सकता है.

Advertisement

सदर अस्पताल के डॉक्टर ज्ञानेंदु कुमार के अनुसार, इस समय लू लगने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है, खासकर छोटे बच्चों में. उन्होंने बताया कि लू के लक्षणों में उल्टी-दस्त, शरीर का ज्यादा गर्म होना, आंखों का पीला पड़ना और पेशाब का गाढ़ा होना शामिल है. इसके अलावा शरीर में कमजोरी और भूख कम लगना भी इसके संकेत हैं.

डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढंककर निकलें और लगातार पानी पीते रहें। शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए ORS, लस्सी, नारियल पानी, खीरा और तरबूज का सेवन फायदेमंद बताया गया है. इसके साथ ही साफ और उबला हुआ पानी पीने की भी सलाह दी गई है. सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाने से दूरी बनाने को कहा गया है ताकि संक्रमण से बचा जा सके.

गर्मी के साथ ही मुजफ्फरपुर में AES यानी चमकी बुखार को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है. हर साल गर्मी के मौसम में यह बीमारी बच्चों को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है. इसी को देखते हुए इस बार स्वास्थ्य विभाग ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है. सदर अस्पताल और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष वार्ड बनाए गए हैं और मेडिकल टीमों को अलर्ट पर रखा गया है.

Advertisement

चमकी बुखार को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट जारी किया

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, AES के शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, उल्टी, ऐंठन, बेहोशी और कमजोरी शामिल हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने की अपील की गई है. साथ ही लोगों को झाड़-फूंक जैसी चीजों से दूर रहने की सलाह दी गई है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और गर्मी व लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement