हरियाणा से 1200 KM दूर बुलाया, आर्केस्ट्रा के नाम पर जाल, एक कॉल से खुला देह व्यापार का खेल, दो अरेस्ट

बिहार के बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आर्केस्ट्रा में डांसर के नाम पर देश के अलग-अलग शहरों से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार में धकेलने का खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवतियों को मुक्त कराया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने वाला आरोपी अरेस्ट (Photo: Screengrab) लड़कियों को देह व्यापार में धकेलने वाला आरोपी अरेस्ट (Photo: Screengrab)

सौरभ कुमार

  • बेगूसराय ,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:14 PM IST

बिहार के बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आर्केस्ट्रा में डांसर के नाम पर देश के अलग-अलग शहरों से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार में धकेलने का खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवतियों को बंधक से मुक्त कराया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आर्केस्ट्रा संचालक और नोएडा की एक महिला शामिल है. इस मामले की शुरुआत हरियाणा के सोनीपत से हुई. यहां रहने वाली एक आर्केस्ट्रा डांसर  अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मेहनत कर रही थी. उसे नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता देवी का फोन आया, जिसमें बेगूसराय में आर्केस्ट्रा प्रोग्राम में काम करने का ऑफर दिया गया. अच्छे पैसे मिलने के लालच में खुशबू करीब 1200 किलोमीटर दूर बेगूसराय पहुंच गई.

Advertisement

20 अप्रैल को खुशबू को तीन अन्य लड़कियों के साथ नावकोठी में आर्केस्ट्रा प्रोग्राम के लिए भेजा गया. रात करीब 2 बजे कार्यक्रम खत्म हुआ. जब खुशबू ने अपने मेहनत के पैसे मांगे, तो आर्केस्ट्रा संचालक अमरजीत कुमार और संगीता देवी ने अपना असली चेहरा दिखाया. उन्होंने कहा कि पैसे चाहिए तो उनकी बात माननी होगी. इसके बाद खुशबू को पैसे देने के बहाने बेगूसराय शहर के नागदह इलाके में शंकर साह के किराए के मकान में ले जाया गया. वहां पहुंचकर खुशबू हैरान रह गई. उसने देखा कि वहां पहले से कई अन्य लड़कियां मौजूद थीं, जिन्हें जबरन देह व्यापार में धकेला गया था.

पुलिस छापेमारी में चार लड़कियों को मुक्त कराया
 

खुशबू ने इसका विरोध किया तो उसके साथ जोर-जबरदस्ती की गई. उसका मोबाइल छीन लिया गया और उसे कमरे में बंद कर दिया गया. बाहर से ताला लगा दिया गया. उसे साफ तौर पर कहा गया कि अब उसे आर्केस्ट्रा के साथ-साथ देह व्यापार करना होगा, नहीं तो जान से मार दिया जाएगा. इस धमकी के बाद खुशबू पूरी तरह डर गई और उसकी आजादी एक बंद कमरे में सिमट गई. कमरे में बंद रहने के दौरान खुशबू ने वहां मौजूद अन्य लड़कियों से बात की. उन्होंने बताया कि उन्हें भी इसी तरह झांसा देकर यहां लाया गया था. उनसे जबरन आर्केस्ट्रा और देह व्यापार कराया जाता था. विरोध करने पर उन्हें मारने की धमकी दी जाती थी. हर समय उनकी निगरानी की जाती थी, जिससे वे किसी को कुछ बता न सकें.

Advertisement

इसी बीच खुशबू के पास एक छोटा कीपैड मोबाइल बचा हुआ था. मौका मिलते ही उसने डायल-112 पर कॉल किया. यह कॉल उसके लिए उम्मीद की आखिरी किरण साबित हुआ. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर पहुंच गई. लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नागदह स्थित मकान पर छापेमारी की गई. पुलिस ने वहां से चार लड़कियों को मुक्त कराया. साथ ही बेगूसराय के वीरपुर निवासी आर्केस्ट्रा संचालक अमरजीत कुमार और नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता देवी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने खुशबू से छीना गया मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद किया है.

मौके से मुक्त कराई गई अन्य तीन लड़कियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क को समझने और इसके अन्य कड़ियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि यह मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र का है. उन्होंने कहा कि आरोपी अलग-अलग जगहों से लड़कियों को आर्केस्ट्रा और डांस के नाम पर बुलाते थे. उन्हें अच्छे पैसे का लालच दिया जाता था. इसके बाद उनका शोषण किया जाता था और देह व्यापार में धकेला जाता था.

पुलिस ने संचालक और महिला को गिरफ्तार किया

डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई. छापेमारी कर चार लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है. यह मामला दिखाता है कि किस तरह नौकरी और अच्छे पैसे के नाम पर युवतियों को फंसाकर उन्हें गलत कामों में धकेला जा रहा है. पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश में जुटी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement