बेगूसराय पुलिस ने मुंगेर के दो शातिर हथियार तस्करों को अवैध हथियारों की खेप सप्लाई करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल और 8 मैगजीन बरामद किए हैं. दोनों तस्कर बाइक से मुंगेर से बेगूसराय हथियार पहुंचाने आए थे. पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर उन्हें लोहियानगर थाना क्षेत्र के लोहिया नगर रेलवे ओवरब्रिज के पास से पकड़ लिया.
दरअसल, यह कार्रवाई गुरुवार देर शाम उस समय की गई, जब पुलिस को जिला सूचना इकाई (DIU) के माध्यम से इनपुट मिला कि मुंगेर के हथियार तस्कर एनएच-31 के रास्ते बेगूसराय में प्रवेश करने वाले हैं और किसी स्थानीय अपराधी गिरोह को हथियार सौंपने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही एसपी मनीष ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: बेगूसराय में खुलेआम फायरिंग और हथियार लहराने का वीडियो वायरल, बालू माफिया पर FIR
घेराबंदी देखकर भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम ने लोहियानगर रेलवे ओवरब्रिज पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी. इसी दौरान बाइक सवार दो युवक जैसे ही पुल पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने चारों ओर से घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मैदरियापुर गांव निवासी भारत कुमार, पिता विन्देश्वरी शर्मा और श्रवण कुमार पिता चंहर दास के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उनके पास से 4 पिस्टल, 8 मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया. बरामद चारों पिस्टल में एक-एक मैगजीन लोड थी, जबकि चार मैगजीन अलग से रखी गई थीं.
कुख्यात तस्कर निकला आरोपी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी भारत कुमार कुख्यात हथियार तस्कर है और उसके खिलाफ मुंगेर जिले में हथियार तस्करी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.
सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चार पिस्टल और आठ मैगजीन बरामद किए गए हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की खेप बेगूसराय में किसे दी जानी थी और इस गिरोह के तार किन-किन स्थानों तक जुड़े हैं.
सौरभ कुमार