बिहार के आरा में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी सनदिया गांव में एक शादी समारोह उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई जब जयमाल के लिए स्टेज पर जा रही दुल्हन अचानक बेहोश हो गई. घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बिना शादी हुए ही वापस लौट गई.
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र शर्मा की इकलौती बेटी रानी कुमारी की शादी उदवंतनगर प्रखंड के छोटा सासाराम गांव निवासी जय प्रकाश शर्मा से तय हुई थी. तिलक और हल्दी की रस्में धूमधाम से पूरी हुईं. बारात का स्वागत किया गया और सभी तैयारियां पूरी थीं.
जयमाल के दौरान बेहोश हुई दुल्हन
लेकिन जैसे ही रानी जयमाल के लिए मंच की ओर बढ़ी, उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर पड़ी. परिजन उसे तुरंत कमरे में ले गए और फिर अस्पताल पहुंचाया. ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सरोज कुमार ने बताया कि दुल्हन की स्थिति सामान्य है और बेहोशी का कारण थकावट और कमजोरी था, किसी गंभीर बीमारी के संकेत नहीं मिले हैं.
इसके बावजूद दूल्हा और उसके परिजनों ने इंतजार करने या स्थिति समझने के बजाय शादी से साफ इनकार कर दिया. यहां तक कि तिलक में दिया गया मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी लौटा दिया गया. दुल्हन के पिता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी में लाखों रुपये खर्च किए. रिश्तेदारों को बुलाया, रिसॉर्ट बुक कराया और सभी व्यवस्थाएं कीं, लेकिन एक पल में सब कुछ बिखर गया.
शादी टूटने के बाद सदमे में पूरा परिवार
वहीं दुल्हन की मां बसंती देवी का कहना है कि रानी कभी गंभीर रूप से बीमार नहीं रही, शादी की भागदौड़ में खाना-पीना ठीक से न होने के कारण वह बेहोश हुई. अस्पताल के बेड पर दुल्हन की आंखों में आंसू हैं और घर में सन्नाटा पसरा है. इस घटना ने समाज में रिश्तों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
सोनू कुमार सिंह