पूर्वी चंपारण के रहने वाले 6 लोगों की मौत उन्नाव बस हादसे में हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. बता दें कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर टैंकर और डबल डेकर बस की टक्कर हो गई, जिसके बाद बस कई बार पलट गई. इस हादसे में 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
जानकारी के मुताबिक, पूर्वी चंपारण के फेनहारा थाना क्षेत्र के फेनहारा पूर्वी टोला वार्ड नंबर 11 के रहने वाले 8 लोग बकरीद की कुर्बानी के बाद सोमवार को सपरिवार काम करने मेरठ जा रहे थे. तभी उन्नाव के पास ये घटना घटित हुई. इस घटना में मो असफाक, मो इलियास, मुनचुन खातून, कमरुल नेशा सोहैल और गुलनाज समेत 6 लोगों की मौत हुई है.
ये भी पढ़ें-
मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही है मां
घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है और उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की बूढ़ी मां मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही है. मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा मेरठ में काम करता था. ये लोग बकरीद में गांव आए थे और बकरीद में कुर्बानी देने के बाद काम पर लौट रहे थे. मगर, ये हादसा हो गया. अब उनकी देखभाल कौन करेगा.
पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे मृतक के घर
वहीं, इस घटना के बाद मोतिहारी पहुंचे एनडीए के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भी शोक व्यक्त की है. उन्होंने कहा है कि काफी दुखद घटना हुई है. मैं मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और इस दुख की घड़ी में हम सब उनके साथ खड़े हैं.
सचिन पांडेय