राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश के चलते फसलों को नुकसान हुआ है. महाराष्ट्र के नासिक शहर समेत जिले के कुछ हिस्सों और राजस्थान के बारां में बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं. नासिक सहित जिले के कुछ हिस्सों में 05 मार्च की रात से बेमौसम बारिश देखने को मिली है. बेमौसम बारिश और तेज हवा के कारण कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही. वहीं, बारां में बारां में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है.
इस बेमौसम बारिश से रबी सीजन की फसलों को बड़े पैमाने पर खतरा पैदा हो गया है और अंगूर, प्याज, गेहूं जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है. वहीं, बारां में खेतों में खड़ी गेहूं व चने और अफीम की फसलें आड़ी पड़ गई हैं. साथ ही, खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसलों में नमी आने से किसान चिंतित हैं.
इन इलाकों में बारिश से खराब हुईं फसलें
नासिक के माखमलाबाद गांव में अंगूर के बागों और गेहूं को भारी नुकसान हुआ है. चंदोरी में खराब मौसम ने हजारों एकड़ गेहूं को बर्बाद कर दिया है, जबकि बारिश के कारण निर्यात अंगूर बीमारी की चपेट में आ सकते हैं. वहीं, प्याज से पहले ही परेशान किसानों पर दोहरा संकट मंडरा रहा है. प्याज के खेतों में बारिश का पानी जमा होने से रबी सीजन में गर्मी के बीच प्याज के सड़ने की संभावना है.
वहीं, राजस्थान के बारां में रविवार को मौसम खराब होने के बावजूद किसानों ने खेतों में डेरा डाले रखा और खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को बचाने के लिए तरह-तरह के जतन करते रहे. तेज हवाओं के सात कई जगह बूंदाबांदी हुई थी. वर्तमान में अधिकांश किसानों की फसलें कटकर खेतों में पड़ी हुई हैं. गेहूं की फसल भी पक कर तैयार है.
मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक-दो दिन मौसम खराब रहने का अंदेशा है. किसानों के अनुसार यदि बारिश होती है तो गेहूं, सरसों की फसल को नुकसान होगा. पिछले कुछ दिनों से बढ़ा तापमान मौसम बदलने से गिर गया. तापमान में गिरावट के साथ हवा चलने से सर्दी का असर देखने को मिला.
(बारां प्रवीण ठाकरे के इनपुट सहित)
राम प्रसाद मेहता