फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी भ्रष्टाचार के मामले में दोषी, एक साल की जेल

फ्रांस की शीर्ष अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को भ्रष्टाचार और प्रभाव के दुरुपयोग के मामले में दोषी ठहराया. उन्हें एक साल की जेल की सजा सुनाई गई, जिसे वह घर पर इलेक्ट्रॉनिक ब्रैसलेट के साथ काट सकते हैं.

Advertisement
निकोलस सरकोजी को एक साल की जेल की सजा सुनाई गई. निकोलस सरकोजी को एक साल की जेल की सजा सुनाई गई.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 9:57 PM IST

फ्रांस की सर्वोच्च अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को भ्रष्टाचार और प्रभाव के दुरुपयोग के मामले में दोषी ठहराते हुए उनकी एक साल की जेल की सजा को बरकरार रखा है. कोर्ट ऑफ कसेशन ने बुधवार को इस मामले पर अपना अंतिम फैसला सुनाया, जिसमें कहा गया, 'सजा और दोष अब अंतिम हैं.'  

69 वर्षीय सरकोजी पर आरोप था कि उन्होंने 2014 में एक मजिस्ट्रेट को घूस देने की कोशिश की थी. उन्होंने मजिस्ट्रेट गिल्बर्ट अजिबर्ट को मोनाको में एक आकर्षक पद दिलाने का वादा किया था, बदले में वह एक अन्य कानूनी मामले की जानकारी चाहते थे जिसमें वह खुद आरोपी थे. हालांकि, अजिबर्ट को वह पद नहीं मिला और वह मामला भी खत्म हो गया. फिर भी फ्रांसीसी कानून के तहत यह प्रस्ताव भी भ्रष्टाचार के अंतर्गत आता है.  

Advertisement

सरकोजी को 2021 में पेरिस कोर्ट और 2023 में अपील कोर्ट ने इस मामले में दोषी करार दिया था. अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद उनकी एक साल की जेल की सजा तय हो गई है. हालांकि, दो साल या उससे कम की सजा के मामलों में आरोपी को घर पर इलेक्ट्रॉनिक ब्रैसलेट के साथ रहने की अनुमति मिलती है, और सरकोजी भी यही विकल्प अपनाएंगे.  

सरकोजी, जो 2007 से 2012 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे, 2017 में सार्वजनिक जीवन से रिटायर हो गए थे. उन्होंने फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मैं अपनी जिम्मेदारियां निभाऊंगा और परिणामों का सामना करूंगा. लेकिन मैं इस गहरे अन्याय को स्वीकार नहीं कर सकता.' उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह इस मामले को यूरोपियन कोर्ट ऑफ ह्यूमन राइट्स में ले जाएंगे.  

Advertisement

यह फ्रांस के आधुनिक इतिहास में पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कृत्यों के लिए दोषी ठहराया गया और जेल की सजा सुनाई गई है.  

सरकोजी अगले महीने एक और मुकदमे का सामना करेंगे, जिसमें उन पर लीबिया के पूर्व तानाशाह मोआमार गद्दाफी से अपनी 2007 की चुनावी कैंपेन के लिए अवैध धन लेने का आरोप है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement