बाथरूम से सीढ़ियों तक शव ही शव... आतंकियों के हमले के बाद ऐसा था मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल का मंजर

रूसी मीडिया में हमलावरों की तस्वीर जारी की गई और दावा किया गया कि ये लोग रशियन नहीं कोई विदेशी भाषा बोल रहे थे. अभी 5 दिन पहले ही पांचवी बार रूस की बागडोर संभालने वाले पुतिन के लिए ये हमला उनकी सरकार को झकझोर देने वाला था. घटना के अगले दिन रूस की पुलिस ने दावा किया कि चारों हमलावर सहित 11 लोग पकड़े जा चुके हैं.

Advertisement
रूस के क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात हुआ था हमला (फोटो- AP) रूस के क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात हुआ था हमला (फोटो- AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 मार्च 2024,
  • अपडेटेड 6:49 PM IST

मॉस्को में आतंकी हमले के बाद क्रोकस हॉल खंडहर में बदल चुका है. गोलीबारी के साथ आग लगने की वजह से जो लोग वहां से नहीं निकल पाए, उनके शव इमारत के अलग-अलग हिस्से से मिल रहे हैं. बाथरूम, सीढ़ियां, कॉरिडोर में जहां-तहां झुलसे हुए शव भी मिले हैं. असल में आतंकी हमले के बाद हॉल में आग भी लग गई थी. हमले का नया वीडियो दिल दहलाने वाला है. वहीं, हमले के बाद की जो तस्वीरें नजर आ रही हैं वह और भी डरावनी हैं.

Advertisement

रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार रात हुए आतंकी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है. साल 2004 के बाद 20 सालों में हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा और निंदनीय हमला बन गया है. जिसमें इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है और सैकड़ों लोग अभी भी अस्पताल में मौत से लड़ रहे हैं. बता दें कि साल 2004 में रूस में बेसलान स्कूल में ऐसा ही हमला किया गया था. हमले के बाद शनिवार को मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर एंड्रे वोरोब्योव ने घटना स्थल का जायजा लिया था.

चार हमलावरों समेत 11 लोग पकड़े गए
शनिवार को वह जब क्रोकस कन्सर्ट हॉल पहुंचे तो वहां के वीभत्स नजारे चौंकाने वाले थे. महज एक दिन पहले तो जो हॉल अपनी चमक-दमक, खूबसूरती और लैविश लुक के लिए जाना जाता था, अब वह राख के ढेर में तब्दील हो चुका है. रूसी मीडिया में हमलावरों की तस्वीर जारी की गई और दावा किया गया कि ये लोग रशियन नहीं कोई विदेशी भाषा बोल रहे थे. अभी 5 दिन पहले ही पांचवी बार रूस की बागडोर संभालने वाले पुतिन के लिए ये हमला उनकी सरकार को झकझोर देने वाला था. घटना के अगले दिन रूस की पुलिस ने दावा किया कि चारों हमलावर सहित 11 लोग पकड़े जा चुके हैं.

Advertisement

इन्हें यूक्रेन और बेलारूस के बॉर्डर पर पकड़ा गया ये लोग यूक्रेन बॉर्डर की तरफ ही भागने की कोशिश कर रहे थे. रूस की फेडेरल सेक्यूरिटी सर्विस यानी एफएसबी के मुताबिक हमलावरों का यूक्रेन के साथ संपर्क था. वैसे यूक्रेन ने बयान जारी कर साफ कर दिया था इस हमले से उसका कोई लेना-देना नहीं है. हमले के बाद ही आईएसआईएस खुरासान ने इसकी जिम्मेदारी ले ली थी.

दोषी बख्शे नहीं जाएंगे, रूस ने दिया सख्त संदेश
रूस का दावा है कि पकड़े गए चार आतंकियों में से 2 ने पूछताछ के दौरान माना है कि उन्हे एक मिलियन रूबल यानी 10,836 डॉलर दिए जाने का वादा किया गया था. हमला कहां करना है इसकी जानकारी उन्हे टेलिग्राम के जरिए मिली थी. तलाशी के दौरान कार से ताजिकिस्तान का पासपोर्ट भी मिला है. इस्लामिक स्टेट खुरासान में ईरान, तुर्कमेनिस्तान और अफगानिस्तान के कुछ हिस्से हैं। ये आतंकी संगठन पुतिन की नीतियों का अरसे से विरोध करता रहा है. इस हमले के बाद रूस की तरफ से सख्त संदेश दिया गया है कि दोषी किसी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे.

राजधानी के मशहूर कंसर्ट हॉल में हुए आतंकी हमले का असर रूस-यूक्रेन की लड़ाई पर भी पड़ा है. यूक्रेन ने पूरे देश में हवाई हमले का अलर्ट जारी कर दिया है. 
मॉस्को हमले को लेकर रूस की तरफ से यूक्रेन को घेरने की कोशिश हो रही है, जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का कहना है कि पुतिन हर बार अपनी गलती के लिए दूसरों को दोषी ठहराते हैं. 

Advertisement

क्रोकस सिटी कॉन्सर्ट हॉल अटैक में सामने आये कुछ तथ्य
• शुक्रवार रात, भारी हथियारों से लैस कम से कम 4 बंदूकधारियों ने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रोकस सिटी कॉन्सर्ट हॉल में गोलीबारी की, जिसमें कई लोग मारे गए.

• आयोजन स्थल पर रॉक बैंड पिकनिक का प्रदर्शन होना था और इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद थी. समूह का एक सदस्य लापता है.

• हमले के दौरान, इमारत में आग लगाने के लिए फ्लेमथ्रोवर का इस्तेमाल किया गया, जिससे भीषण आग लग गई, इसके कारण ही हताहत लोगों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ गई. 

• गवर्नर के मुताबिक, कम से कम 115 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है. 121 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

• यूक्रेन और बेलारूस की सीमा के करीब ब्रांस्क क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस ने पीछा करने के बाद 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया. पीछा करने के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी.

• पूछताछ के दौरान, उनमें से 2 ने दावा किया कि हमले को अंजाम देने के लिए उन्हें प्रत्येक को 1 मिलियन रूबल ($10,836) तक देने का वादा किया गया था. उन्होंने दावा किया कि हमले का स्थान टेलीग्राम के माध्यम से गुमनाम रूप से भेजा गया था.

Advertisement

• आईएसआईएस ने हमले की जिम्मेदारी ली है, जिसे अमेरिकी अधिकारियों ने हालिया खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि यह प्रामाणिक प्रतीत होता है, जिसके बाद 7 मार्च को अमेरिकी दूतावास को चेतावनी दी गई थी.

• इस बीच, रूस के एफएसबी का दावा है कि हमलावरों के संपर्क यूक्रेन में थे और वे सीमा की ओर जा रहे थे जब उन्हें ब्रांस्क के पास पकड़ा गया. यूक्रेन की सरकार ने किसी भी संलिप्तता से इनकार किया है.

क्या बोले पुतिन?
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने शुक्रवार रात मॉस्को के एक कंसर्ट हॉल में हुए आतंकी हमले की निंदा की. इसके साथ ही राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय शोक दिवस की घोषणा भी की है. अपनी स्पीच में उन्होंने कहा कि, कई निर्दोष लोग क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले के शिकार बन गए. मुझे यकीन है कि क्रोकस सिटी हॉल में आतंकवादी हमले के पीड़ितों की जान बचाने के लिए डॉक्टर हर संभव कोशिश करेंगे. 

इसके साथ ही पुतिन ने कहा कि, इस हमले के पीछे जो भी हैं, मैं कसम खाता हूं कि वे बख्शे नहीं जाएंगे. उन्होंने यह भी दावा किया कि बंदूकधारियों ने यूक्रेन भागने की कोशिश की.

यूक्रेन ने कही ये बात
मॉस्को आतंकी हमले पर यूक्रेन की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के वरिष्ठ सलाहकार, मिखाइल पोडोल्याक ने कहा, 'हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यूक्रेन का इन हमले से कोई लेना-देना नहीं है. रूस की सेना और एक देश के रूप में रूसी संघ के साथ हमारा पूर्ण पैमाने पर, चौतरफा युद्ध चल रहा है. और किसी चीज की परवाह किए बिना, यूक्रेन युद्ध के मैदान में अपनी लड़ाई लड़ेगा'. 

Advertisement

ISIS ने ली जिम्मेदारी
बता दें कि, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ सीरिया एंड इराक (ISIS) ने शुक्रवार को मॉस्को के क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हुई गोलीबारी और बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली है. इस भीषण आतंकी हमले में 140 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 145 घायल हो गए. ISIS ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक बयान जारी कर कहा, 'हमारे लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके में स्थित क्रोकस कॉन्सर्ट हॉल में हमला किया'. आईएस के बयान में यह भी कहा गया है कि हमलावर 'सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौट आए हैं'.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »