कनाडा को दुनिया के सबसे सुरक्षित, व्यवस्थित और कानून का सम्मान करने वाले देशों में गिना जाता है लेकिन यहां कुछ ऐसे नियम भी हैं, जो पहली नजर में चौंकाने वाले या अजीब लग सकते हैं. फिर भी ये कानून पूरी तरह लागू हैं और इन्हें तोड़ने पर जुर्माना या कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
आत्मरक्षा के लिए पेपर स्प्रे रखना गैरकानूनी
कनाडा में अगर आप सोचते हैं कि अपनी सुरक्षा के लिए बैग में पेपर स्प्रे रखना ठीक है, तो ऐसा नहीं है. Criminal Code के तहत पेपर स्प्रे को प्रतिबंधित हथियार की श्रेणी में रखा गया है, अगर ये किसी व्यक्ति के खिलाफ इस्तेमाल के उद्देश्य से रखा गया हो. यानी इसे अपने पास रखना, सार्वजनिक जगह पर लेकर चलना या किसी व्यक्ति पर इस्तेमाल करना आपराधिक मामला बन सकता है.
हां, “बेयर स्प्रे” यानी भालू से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाला स्प्रे कुछ परिस्थितियों में वैध है, लेकिन अगर पुलिस को लगे कि आप उसे इंसानों के खिलाफ इस्तेमाल करने के इरादे से ले जा रहे थे, तो परेशानी हो सकती है.
आत्मरक्षा के नाम पर चाकू रखना भी सुरक्षित नहीं
कई लोग मानते हैं कि “सिर्फ सुरक्षा के लिए” चाकू रखना जायज है लेकिन कनाडा का कानून आत्मरक्षा को हथियार रखने का वैध कारण नहीं मानता. अगर आपके पास चाकू है और आप कहते हैं कि वह सुरक्षा के लिए है, तो ये आपके लिए भारी पड़ सकता है. चाकू रखने की वैध वजह काम, कैंपिंग या अन्य स्पष्ट उपयोग होना चाहिए.
गाड़ी में खुली शराब की बोतल रखना अपराध
कनाडा के हर प्रांत में ओपन कंटेनर नियम लागू हैं. चलती गाड़ी में खुली शराब की बोतल रखना अवैध है. भले ही ड्राइवर ने शराब न पी हो. बोतल को ऐसी जगह रखना होगा जहां ड्राइवर या यात्रियों की पहुंच न हो. आमतौर पर ट्रंक में. नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना, लाइसेंस पर डिमेरिट पॉइंट या गंभीर मामलों में आपराधिक आरोप लग सकता है.
नशे में कैनो या कयाक चलाना भी अपराध
अगर आप सोचते हैं कि बिना मोटर वाली नाव पर कानून लागू नहीं होते, तो यह गलतफहमी है. Criminal Code के तहत किसी भी पानी पर चलने वाले वाहन को नशे की हालत में चलाना अपराध है चाहे वह स्पीडबोट हो या साधारण कैनो (चप्पू वाली नाव). ऐसे मामलों में गिरफ्तारी और सजा तक हो चुकी है.
नशे में साइकिल चलाने पर भी कार्रवाई
हालांकि साइकिल चलाने पर औपचारिक DUI (Driving Under the Influence) चार्ज नहीं लगता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप बच जाएंगे. Ontario, Quebec और British Columbia जैसे प्रांतों में पुलिस आपको पब्लिक इंटॉक्सिकेशन, लापरवाह व्यवहार या यातायात नियम उल्लंघन के तहत फाइन लगा सकती है.
ज्यादा सिक्कों से भुगतान करने पर दुकान मना कर सकती है
अगर आप सैकड़ों छोटे सिक्कों से बिल चुकाना चाहते हैं, तो दुकानदार मना कर सकता है. Currency Act के अनुसार एक लेन-देन में सिक्कों की सीमा तय है, उदाहरण के तौर पर- 100 निकल, 100 डाइम, 40 क्वार्टर, 25 लूनी, 20 ट्यूनी से अधिक होने पर व्यापारी भुगतान लेने से इनकार कर सकता है.
पार्क में गाली देने पर 350 डॉलर तक जुर्माना
Toronto Municipal Code Chapter 608 के अनुसार टोरंटो के पार्कों में गाली-गलौज, धमकी या हिंसक भाषा का प्रयोग नियमों के खिलाफ है. हालांकि यह रोज लागू होता नहीं दिखता, लेकिन शिकायत मिलने पर कार्रवाई संभव है.
21 दिन से ज्यादा कैंपिंग नहीं
कनाडा की “Crown Land” यानी सार्वजनिक भूमि पर मुफ्त कैंपिंग की अनुमति है लेकिन नियम है — आप एक ही जगह पर साल में 21 दिनों से ज्यादा नहीं रुक सकते. उसके बाद कम से कम 100 मीटर दूर जाना जरूरी है. इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और भूमि के अत्यधिक उपयोग को रोकना है.
सार्वजनिक जगह पर शराब पीना अवैध
अधिकांश प्रांतों में पार्क, बीच या फुटपाथ पर शराब पीना गैरकानूनी है. हालांकि कुछ अपवाद हैं, Vancouver में कई पार्कों में अनुमति है. Montreal में भोजन के साथ शराब की छूट है लेकिन यह हर जगह लागू नहीं है.
न्यूज लिंक पर भुगतान का नियम (Bill C-18)
Online News Act के तहत Google और Meta को कनाडाई न्यूज आउटलेट्स को भुगतान करना था. इसके जवाब में Meta ने अपने प्लेटफॉर्म पर कनाडाई समाचार लिंक ब्लॉक कर दिए.
क्यूबेक में फ्रेंच भाषा अनिवार्य
Charter of the French Language के तहत क्यूबेक में व्यवसायों को फ्रेंच भाषा को प्राथमिकता देना जरूरी है. दुकानों के साइनबोर्ड, वेबसाइट और ग्राहक अभिवादन तक में फ्रेंच प्रमुख होनी चाहिए. इसी वजह से KFC वहां PFK के नाम से जाना जाता है.
aajtak.in