बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मंगलवार को मायावती (68 साल) को फिर सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है. वे 18 सितंबर, 2003 से लगातार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी जा रही हैं. इस बैठक में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को कई राज्यों की जिम्मेदारी सौंपे जाने का निर्णय भी लिया गया है. इसमें यूपी, एमपी, दिल्ली समेत चुनाव राज्य हरियाणा का नाम शामिल है. आकाश चुनावी राज्यों में प्रचार की कमान संभालेंगे और संगठन को मजबूती देने की दिशा में काम करेंगे.
बसपा ने तय किया है कि वो हरियाणा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली में विधानसभा चुनाव लड़ेगी. पार्टी ने चुनाव लड़ने की तैयारी पूरी कर ली है. पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी. बसपा को खासकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों के खिलाफ इन चुनावों में लड़ना है और पहले बैलेंस ऑफ पावर बनकर आगे बढ़ना है.
कई कोऑर्डिनेटर को जिम्मेदारी से मुक्त किया गया
इस बैठक में बसपा केंद्रीय कार्यकारी समिति (CEC) और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों, स्टेट यूनिट्स और देशभर से चुने गए प्रतिनिधियों को बुलाया गया था. इस विशेष बैठक में पार्टी अध्यक्ष पर निर्णय लिया गया. इसके अलावा, कई कोऑर्डिनेटर को हटाया भी गया है. संगठन का कहना था कि जो कोऑर्डिनेट एक्टिव नहीं थे, उन्हें जिम्मेदारी मुक्त किया गया है. कई कॉर्डिनेटर को एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है.
दो दशक पहले मायावती ने संभाली थी बसपा की कमान
मायावती उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रही हैं. वे लोकसभा और राज्यसभा की सदस्य रही हैं. यूपी में विधानसभा और विधान परिषद की मेंबर रही हैं. बसपा संस्थापक कांशीराम ने दो दशक पहले उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया था. इसी साल मायावती ने भी अपने उत्तराधिकारी के तौर पर आकाश आनंद के नाम का ऐलान किया है. आकाश को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी भी दी गई है.
इससे पहले लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच मई में बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था. मायावती ने आकाश को नेशनल कोओर्डिनेटर और अपने उत्तराधिकारी पद से हटाया था. बसपा प्रमुख ने आकाश को दिसंबर 2023 में ये दोनों जिम्मेदारी दिए जाने का निर्णय लिया था. मायावती का कहना था कि पूर्ण परिपक्वता आने तक आकाश आनंद को दोनों अहम जिम्मेदारियों से अलग रखा जाएगा. हालांकि, जून में चुनावी नतीजे आने के बाद एक बार फिर आकाश को ताकतवर बना दिया गया और वापस सभी जिम्मेदारियां दे दी गईं.
आशीष श्रीवास्तव