उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मासूम बच्चों ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है. जहां बच्चों को डेढ़ लाख रुपए कीमत का आईफोन सड़क पर पड़ा हुआ मिला तो बच्चे उसे लेकर थाने पहुंच गए और पुलिस को सौंप दिया. जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल मालिक की तलाश करके उसको मोबाइल वापस किया है. बच्चों की ये ईमानदारी मिसाल बन गई है.
पड़ा मिला आईफोन 17 प्रो मोबाइल
दरअसल, हयातनगर थाना क्षेत्र में कस्बे के निवासी बच्चे हर्ष,अदनान, असद,मोहम्मद रजा,अब्दुल गनी और मोहम्मद शान संभल बहजोई मार्ग पर खेल रहे थे. खेलते समय बच्चों को सड़क किनारे एक ऑरेंज कलर का आईफोन 17 प्रो मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला तो बच्चों ने उसको उठा लिया. मोबाइल को ऑन देखकर बच्चों ने उसे पुलिस को देने का फैसला किया और हयातनगर थाने पहुंच गए.
सड़क किनारे पड़ा था मोबाइल
मासूम बच्चे थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बच्चों से फोन की कहानी पूछी. बच्चों ने पूरी जानकारी पुलिस को दी. मालूम हुआ कि बच्चों को ये सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला. मोबाइल फोन डेढ़ लाख रुपए कीमत का था. जहां बच्चों ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर फोन को पुलिस को सौंप दिया और फिर पुलिस ने उसके मालिक की तलाश शुरू की. जानकारी मिली कि फोन थाना क्षेत्र के घुंघावली गांव के निवासी नाजिम अली का था. इसके बाद थाना पुलिस ने नाजिम अली को थाने बुलाकर फोन दे दिया है.
ईमानदारी का इनाम भी मिला
मोबाइल उठाकर थाने ले जाने वाले मासूम बच्चे मोहम्मद अदनान का कहना है कि हम जिस समय खेल रहे थे उसी समय हमें मोबाइल पड़ा हुआ मिला था और तभी हम उस मोबाइल को लेकर थाने आ गए और हमने फिर थाने में मोबाइल को जमा कर दिया है. अंकल ने हमें ईमानदारी का इनाम भी दिया है.
'आंटी ने कहा था कि पैसे ले लो और मोबाइल हमें दे दो'
मासूम बच्चे हर्ष कुमार का कहना है कि जिस समय हमें मोबाइल पड़ा हुआ मिला था तभी हमें एक आंटी ने कहा था कि पैसे ले लो और मोबाइल हमें दे दो, लेकिन हम लोग उस मोबाइल को थाने ले आए. वहीं दूसरे बच्चे का कहना है कि हमें जैसे ही मोबाइल पड़ा हुआ मिला हम लोग भागते हुए थाने आ गए और हमने यहीं पर आकर मोबाइल दे दिया.
अभिनव माथुर