मासूम पिल्ले से ऐसी बेरहमी, कब्रिस्तान में आया तो पीट- पीटकर ले ली जान

शाहजहांपुर में एक पालतू पिल्ले को कब्रिस्तान में घुसने पर पीट-पीटकर मार डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पिल्ले को बेरहमी से मारते दिखाई दे रहे हैं. पशु क्रूरता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
मासूम पिल्ले से बेरहमी (Photo: representational image) मासूम पिल्ले से बेरहमी (Photo: representational image)

aajtak.in

  • शाहजहांपुर,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:59 PM IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पशु क्रूरता की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कब्रिस्तान में घुस जाने पर कुछ लोगों ने एक पालतू पिल्ले को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला. घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement

जानकारी के अनुसार यह घटना 7 मार्च की बताई जा रही है. पिल्ला सदर बाजार थाना क्षेत्र के लाल तेली बजरिया इलाके में रहने वाले करण का था. बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते पिल्ला पास के कब्रिस्तान में पहुंच गया था. उसी समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और मारना शुरू कर दिया.

पिल्ले की चीख-पुकार सुनकर उसके मालिक करण को शक हुआ. वह पास के एक मकान की छत पर चढ़ गया और वहां से पूरी घटना का वीडियो बना लिया. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पिल्ला डरकर एक चारपाई के नीचे छिप गया था, लेकिन आरोपियों ने उसे वहां से खींचकर बाहर निकाला और फिर से पीटना शुरू कर दिया.

लगातार मारपीट से पिल्ले की मौके पर ही मौत हो गई. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसके शव को एक बोरे में भर लिया और वहां से लेकर चले गए. इस घटना से इलाके के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. मामले की जानकारी मिलने के बाद जीव सहायोग फाउंडेशन के एक पदाधिकारी ने सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर रात पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया.

Advertisement

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 (किसी जानवर को मारना या अपंग करना) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement