वैलेंटाइन डे... जिस दिन प्यार का जश्न मनाया जाता है, उसी दिन नोएडा में दर्दनाक घटना हो गई. सेक्टर-107 स्थित दादरी रोड के पास खड़ी एक कार के भीतर प्रेमी-प्रेमिका के शव मिले. पुलिस के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. दरअसल, दोनों 15 साल से रिलेशनशिप में थे. मृतक युवक ने हाल ही में नया फ्लैट भी खरीदा था. दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन इस मामले में अब जाति का दबाव जैसे पहलू सामने आ रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में पिलर नंबर-84 के पास एक कार खड़ी होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कार का जायजा लिया तो अंदर एक युवक और युवती के सिर में गोली लगी हुई मिली. युवक के हाथ में पिस्टल थी और कार अंदर से लॉक थी.
शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है. मृतकों की पहचान 32 वर्षीय सुमित निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली और 26 वर्षीय रेखा निवासी सलारपुर नोएडा के रूप में हुई.
यह भी पढ़ें: औलाद न होने पर परिवार ने कराया तलाक, दोबारा साथ आने के लिए कपल ने चुराई 4 साल की बच्ची
सुमित और रेखा करीब 15 साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे. दोनों परिवार एक-दूसरे को जानते थे और शादी-ब्याह जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में आना-जाना भी था. सुमित के चचेरे भाई ने बताया कि सुमित ने हाल ही में रेखा के लिए एक फ्लैट भी खरीदा था. परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही दोनों शादी करेंगे.
हालांकि, अलग-अलग जाति होने के कारण युवती के परिवार की ओर से शादी के लिए सहमति नहीं मिल रही थी. यही बात दोनों के रिश्ते में तनाव का कारण बन रही थी.
आखिरी मैसेज से उठे कई सवाल
मामले में एक आखिरी मैसेज भी सामने आया है, जो सुमित ने रेखा को भेजा था. उसमें लिखा था कि रेखा की शादी कहीं और तय हो रही है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने जा रहा है.
घटना से पहले दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी. सुमित के परिजनों ने दिल्ली के त्रिलोकपुरी थाने में और रेखा के परिवार ने नोएडा के सेक्टर-58 थाने में मिसिंग रिपोर्ट लिखवाई थी. अब यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर दोनों को समय रहते ट्रेस कर लिया जाता, तो क्या उनकी जान बचाई जा सकती थी?
यह भी पढ़ें: रिश्ते में मौसी लगती थी प्रेमिका... फैमिली शादी को नहीं थी तैयार, फिर कपल ने निकाला ये तरीका
नोएडा के डीसीपी यमुना प्रसाद ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. कार अंदर से लॉक थी और युवक के हाथ में पिस्टल मिली है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
वैलेंटाइन डे पर जहां शहर में कपल्स जश्न मना रहे थे, वहीं सुमित और रेखा की कहानी एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई. 15 साल का रिश्ता, साथ रहने के सपने और नया फ्लैट... सब कुछ एक ही दिन में खत्म हो गया.
क्या जाति और सामाजिक दबाव इस कहानी के अंत की वजह बने? या फिर यह किसी भावनात्मक आवेग में लिया गया फैसला था? फिलहाल पुलिस जांच जारी है और परत-दर-परत सच सामने आने का इंतजार है.
भूपेन्द्र चौधरी