नोएडा के सेक्टर-4 में एक फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई. फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया. आगजनी के दौरान फैक्टरी के अंदर कई लोग फंस गए थे, जिन्हें दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला. फिलहाल फायर विभाग की टीम आग बुझाने के काम में जुटी हुई है और घटना में अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है.
पुलिस और फायर विभाग के अनुसार, थाना फेज-1 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-4 स्थित बिजली के मीटर बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री में काम कर रहे कई लोग अंदर फंस गए. फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी आग लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फायर विभाग की टीम अभी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.
भूपेन्द्र चौधरी