लखनऊ में होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट डालकर पैसे वसूली की कोशिश की गई. इस मामले में पुलिस भर्ती बोर्ड के इंस्पेक्टर ने हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.
पुलिस ने बताया कि ठगों ने टेलीग्राम पर 'EXAM PAPER WALLAH' नाम से एक चैनल बनाया था. इस चैनल पर @PAPER_MAFIAY हैंडल के जरिए यह भ्रामक मैसेज फैलाया जा रहा था कि उनके पास होमगार्ड भर्ती का असली परीक्षा पेपर मौजूद है. गिरोह ने अभ्यर्थियों से पैसे लेने के लिए बाकायदा एक क्यूआर कोड भी सार्वजनिक किया था.
हुसैनगंज थाने में FIR दर्ज
भर्ती बोर्ड की सोशल मीडिया सेल ने इस संदिग्ध गतिविधि को पकड़ लिया. इसके बाद बोर्ड के इंस्पेक्टर ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी, आईटी एक्ट, नकल विरोधी कानून की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
भर्ती बोर्ड की सख्त निगरानी
वर्तमान में पुलिस भर्ती बोर्ड की स्पेशल सेल WhatsApp, X, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और टेलीग्राम जैसे सभी प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे नजर रख रही है। किसी भी तरह के पेपर लीक के दावे या सॉल्वर गैंग की सूचना पर तत्काल छापेमारी की जा रही है.
आशीष श्रीवास्तव