उत्तर प्रदेश के कौशांबी में अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस हमले में तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सात आरोपी अभी भी फरार हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
दरअसल, यह मामला सिराथू तहसील के रामपुर धमवा मजरा गौराहार गांव का है. 27 जनवरी को सैनी थाने में झुलनी देवी, शिव सिंह, मोहित, रोहित और कमल सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया है. मामले की जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया.
यह भी पढ़ें: एडमिट कार्ड किसी का, पेपर दे रहा था कोई और! कौशांबी जिले में हिंदी का पेपर दे रहा फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान अचानक हुआ हमला
शनिवार को नायब तहसीलदार सिराथू अतुल कुमार के नेतृत्व में थाना सैनी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पाया गया कि झुलनी देवी पत्नी दयाशंकर द्वारा बंजर भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था. जब प्रशासनिक टीम अवैध मकान को सील करने की कार्रवाई कर रही थी, तभी अचानक 15 से 20 लोग उत्तेजित हो गए.
आरोप है कि लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. अचानक हुए पथराव में तीन पुलिसकर्मी समेत कुल पांच लोग घायल हो गए. हालात बिगड़ने पर पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा. इसके बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाया जा सके.
15 नामजद आरोपियों पर मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए जारी दबिश
इस मामले में नायब तहसीलदार की तहरीर पर 15 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों भगवती, रामहित, राजेश, बुधराज, हीरालाल, कमलेश, शिव सिंह और अंगद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
सीओ संतोष सिंह ने बताया कि कब्जा हटाने के लिए राजस्व टीम और पुलिस मौके पर पहुंची थी, तभी लोगों ने हमला कर दिया. इसमें कई लोग घायल हो गए. उन्होंने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अखिलेश कुमार