कानपुर में गैस किल्लत की आशंका के चलते लोगों की भीड़ गैस एजेंसियों पर अचानक बढ़ गई. हालात ऐसे हो गए कि सैकड़ों लोग अपने-अपने गैस सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंच गए और लंबी कतार लगा दी. देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाउडस्पीकर का सहारा लेना पड़ा. पुलिस लगातार माइक से घोषणा कर लोगों को समझाती रही कि गैस की कोई कमी नहीं है और जो उपभोक्ता समय पर बुकिंग कराएंगे, उन्हें सिलेंडर घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें: कानपुर: पुजारी बेटे की नॉनवेज खाते फोटो वायरल, महंत पिता ने मंदिर से निकाला; भीड़ ने की थी आरोपी की पिटाई
नजीराबाद की गैस एजेंसी पर बढ़ी भीड़
दरअसल, यह पूरा मामला कानपुर के नजीराबाद इलाके की एक गैस एजेंसी का बताया जा रहा है. यहां सैकड़ों लोग अपने गैस सिलेंडर लेकर एजेंसी के बाहर पहुंच गए और गैस की गाड़ी के आगे लंबी लाइन लगा दी.
बताया जा रहा है कि शहर में जहां-जहां गैस का वितरण होता है, वहां जिनका नंबर नहीं आया था वे लोग भी अपने सिलेंडर लेकर इसी एजेंसी पर पहुंच गए. इसके चलते भीड़ अचानक बढ़ गई और लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे.
लाइन में आगे बढ़ने को लेकर हुई बहस
गैस लेने के लिए लगी लंबी कतार में आगे निकलने की कोशिश के कारण लोगों के बीच बहस भी होने लगी. कई जगहों पर लोग एक-दूसरे से उलझते दिखाई दिए. भीड़ के दबाव में कुछ लोग गिर भी पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को शांत रहने की अपील की.
पुलिस ने माइक से किया ऐलान
पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जानकारी दी कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है. उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने तय समय पर गैस बुक कराएं, जिससे उन्हें सिलेंडर घर पर ही मिल जाएगा.
पुलिस ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति गड़बड़ी करता है तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम के नंबर पर देकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
एडीसीपी ने दी जानकारी
मामले को लेकर एडीसीपी सुधीर रामटेक ने बताया कि सामान्य तौर पर दो जगहों पर गैस का वितरण किया जाता है. लेकिन आज एक ही स्थान पर गैस की गाड़ी पहुंची थी, जिसके कारण दूसरी जगह के लोग भी वहीं आ गए और भीड़ बढ़ गई.
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था कायम कराई.
रंजय सिंह