उत्तर प्रदेश के झांसी में 27 वर्षीय महिला केसर की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई है. महिला के मरने से पहले दिए गए बयान का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वह आरोप लगा रही है कि- 'मुझे पति, देवर और सास-ससुर ने मारा है. भगवान मुझे बचा लो...'. वहीं मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में अस्पताल और सड़क पर उतरकर हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है.
सोशल मीडिया पर 49 सेकेंड का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें महिला अस्पताल के पलंग पर लेटी हुई है और दर्द से तड़प रही है. वीडियो में महिला ने कहा कि उसे पति, देवर और सास-ससुर ने मारा है. उसे भगवान बचा ले. वायरल हो रहे वीडियो में नजर आने वाली महिला का नाम केसर है. मायके वालों के अनुसार केसर का मायका गुरसराय थानान्तर्गत ग्राम लखावती है.
साल 2019 में केसर का झांसी जनपद के मऊरानीपुर थानान्तर्गत ग्राम चुरारा में रहने वाले देवेन्द्र के साथ विवाह हुआ था. विवाह के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था. मामला इस हद तक बढ़ गया था कि पति देवेन्द्र अपने पिता के साथ झांसी महानगर में आकर अलग रहने लगा था और केसर अपने पति देवेन्द्र के दादा-दादी के साथ गांव में रहती थी. दोनों का मामला कोर्ट में भी चल रहा था, कोर्ट का फैसला आने तक केसर को ससुराल में 5 बीघा जमीन मिली थी जिस पर वह खेती कर रही थी.
शनिवार की दोपहर वह खेत पर मसूर की फसल काटने गई थी. आरोप है कि इसी दौरान पति देवेन्द्र अपने पिता, भाई और मां के साथ वहां पहुंचा और खेत की फसल काटने लगा. केसर ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. यह देख हमलावर पति और ससुराली वहां से भाग गए. केसर को अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आक्रोशित मायके वालों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया. उनका आरोप है कि पुलिस वाले रुपए लेकर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही नहीं कर रहे है.
प्रमोद कुमार गौतम