यूपी में झांसी के सीपरी बाजार इलाके के बौद्ध नगर मसीहागंज में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. 70 साल की बुजुर्ग महिला रुनिया देवी के एक अज्ञात युवक ने पहले पैर छुए. फिर बुआ कहकर बातों में उलझा लिया. इसी बीच उसने महिला के करीब 50 से 60 हजार रुपये कीमत के सोने के झुमके और कंठी लेकर फरार हो गया. यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है.
सीपरी बाजार बौद्ध नगर की रहने वाली रुनिया देवी घर से कूड़ा फेंकने के लिए बाहर निकली थीं. कुछ ही दूरी पर बिना नंबर प्लेट की बाइक से एक युवक उनके पास पहुंचा. उसने बुजुर्ग महिला के पैर छूकर उन्हें बुआ कहकर संबोधित किया और कहा कि उसकी मां आगे बैठी हैं और उनसे मिलना चाहती हैं.
महिला असमंजस में पड़ गईं. आरोपी ने उनके कुंडलों की तारीफ करते हुए कहा कि उसकी मां के लिए भी ऐसे ही झुमके बनवाने हैं और एक कुंडल दिखाने को कहा. पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उन्हें कुछ सुंघा दिया और फिर चालाकी से उनके कानों के सोने के झुमके और कंठी उतरवा लिए. वह महिला को बाइक पर बैठाकर कुछ दूरी तक ले गया, फिर आगे छोड़कर फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: ऑटो और ई-रिक्शा में बैठते ही गहने गायब! UP के बांदा में नागपुर की महिला टप्पेबाज गैंग गिरफ्तार
मौके पर मौजूद एक महिला ने देखा तो शोर मचा दिया. लेकिन आरोपी ने उसे धक्का दिया और निकल गया. घर लौटने के बाद रुनिया देवी ने परिजनों को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पीड़ित महिला रुनिया देवी ने बताया कि वह कचरा फेंकने जा रही थीं, तभी एक युवक ने पैर छुए और बातों में उलझा लिया. उसने मां के बहाने से सोने के झुमके और कंठी उतरवा लिए. पास खड़ी महिला के शोर मचाने पर आरोपी धक्का देकर फरार हो गया. चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 50-60 हजार है. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. वीडियो में बाइक सवार युवक नजर आ रहा है और बुजुर्ग महिला के साथ टप्पेबाजी करते हुए दिखाई दे रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
अजय झा