यूपी में 5 बिस्सा जमीन के बंटवारे को लेकर चले चाकू, 4 महिलाओं सहित 9 लोग हो गए लहूलुहान

कौशांबी के चंदीपुर गांव में 5 बिस्सा जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. चाकू और लाठी-डंडों से हुए हमले में 4 महिलाओं समेत 9 लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल लोगों को प्रयागराज रेफर किया गया है. पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और गांव में तनाव के बीच निगरानी बढ़ा दी गई है.

Advertisement
घायलों को असपताल में भर्ती कराया गया (Photo: ITG) घायलों को असपताल में भर्ती कराया गया (Photo: ITG)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी,
  • 25 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:48 PM IST

जमीन का बंटवारा कभी-कभी कितना बड़ा विवाद खड़ा कर सकता है, इसका ताजा उदाहरण कौशांबी जिले के एक गांव में देखने को मिला. पांच बिस्सा जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस झड़प में 4 महिलाओं समेत कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement

घटना कोखराज थाना क्षेत्र के चंदीपुर गांव की है. जानकारी के मुताबिक, दो परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. यह विवाद धीरे-धीरे तनाव में बदलता गया और मंगलवार देर रात अचानक हिंसक रूप ले लिया. गांव के लोगों का कहना है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल इतना गरमा गया कि लोग आपा खो बैठे और मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला किया, जबकि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से जवाब दिया. इस दौरान रामबाबू, अर्जुन और शिवपूजन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. वहीं दूसरे पक्ष के कौशल और दयाराम के सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे वे भी बुरी तरह घायल हो गए. घटना के दौरान महिलाएं भी बीच-बचाव में आईं, लेकिन वे भी हिंसा की चपेट में आ गईं. कुल मिलाकर 4 महिलाएं भी घायल हुईं, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया.

Advertisement

परिवारिक विवाद बना हिंसा की वजह

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों के अनुसार, रामबाबू, शिवपूजन और अर्जुन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह विवाद पूरी तरह से परिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर था. दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. रामबाबू, अर्जुन, शिवपूजन, फूलकली और राधिका एक पक्ष से हैं, जबकि दूसरे पक्ष में कौशल, दयाराम, सरस्वती और शीला देवी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि जमीन के हिस्से को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुका था, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसपी राजेश कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है, जिसमें चाकू से भी हमला किया गया. दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं और दो की हालत गंभीर है. उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है. उन्होंने कहा कि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है. एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा कोई विवाद न हो. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद सुलझा लिया जाता, तो शायद यह स्थिति नहीं बनती.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement