'प्यार तो किया लेकिन किसी को कभी दिल नहीं दिया...' संभल SP IPS केके विश्नोई का Video वायरल

संभल के एसपी केके विश्नोई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. होली मिलन समारोह के दौरान गाने पर मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, 'प्यार तो किया, लेकिन किसी को दिल नहीं दिया'. कार्यक्रम में उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ रंग खेला और डांस भी किया. इसी बीच उनकी शादी बरेली की आईपीएस अंशिका वर्मा से तय होने की खबर भी चर्चा में है. दोनों 29 मार्च को सात फेरे लेंगे. 

Advertisement
आईपीएस केके विश्नोई और अंशिका वर्मा (File Photo) आईपीएस केके विश्नोई और अंशिका वर्मा (File Photo)

aajtak.in

  • संभल,
  • 09 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:15 AM IST

यूपी के संभल एसपी IPS केके विश्नोई इन दिनों सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. वजह सिर्फ उनकी प्रशासनिक कार्यशैली नहीं, बल्कि उनकी होने वाली शादी व होली पर वायरल उनके कई मजेदार वीडियो भी है. इस वीडियो में एसपी बिश्नोई का बिल्कुल अलग और हल्का-फुल्का अंदाज दिखाई देता है.

वीडियो में एक लोकप्रिय गाना बज रहा है जिसमें सवाल पूछा जाता है- क्या कभी किसी से प्यार किया? इस पर  मौजूद कई पुलिसकर्मी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देते नजर आते हैं. एसपी केके बिश्नोई भी मुस्कुराते हुए हाथ उठाकर इशारे में कहते हैं कि हाँ, प्यार तो किया है. लेकिन जैसे ही गाने की अगली लाइन आती है- क्या कभी किसी को दिल दिया? तो वे हाथ हिलाकर मजाकिया अंदाज में इनकार कर देते हैं. बस फिर क्या था, यह छोटा सा पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोग इस वीडियो को मजेदार अंदाज में शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं.

Advertisement

होली मिलन समारोह का है वीडियो

बताया जा रहा है कि यह वीडियो संभल पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान का है. उस दिन पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच उत्सव जैसा माहौल था. ड्यूटी की कठोरता से दूर कुछ पल सुकून और खुशी के बिताने के लिए पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में एसपी केके बिश्नोई ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ रंगों से होली खेली, गुलाल लगाया और संगीत की धुन पर जमकर डांस भी किया. कार्यक्रम के दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला. उन्होंने सिर पर एनिमल कैप पहन रखी थी, जो उनके डांस को और भी मजेदार बना रही थी. पुलिसकर्मियों के बीच उनका यह अंदाज देखकर माहौल और भी खुशनुमा हो गया.

Advertisement

जब गानों पर थिरक उठे एसपी

कार्यक्रम में अलग-अलग तरह के गाने बजाए जा रहे थे. फिल्मी गीतों से लेकर भोजपुरी गानों तक, हर धुन पर लोग झूमते नजर आए. जब फिल्म धुरंधर का गाना बजा तो माहौल में जोश और बढ़ गया. इसके बाद जैसे ही लोकप्रिय भोजपुरी गीत गुलाब जइसन खिलल बाड़ू की धुन सुनाई दी तो गाना बजते ही एसपी बिश्नोई खुद को रोक नहीं पाए और पुलिसकर्मियों के साथ डांस करने लगे. वहां मौजूद जवानों ने भी रंग उड़ाकर और तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया. कुछ ही मिनटों में पूरा पुलिस लाइन परिसर रंग, गुलाल और संगीत से भर गया. इस दौरान कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मंच के पास पहुंच गए और डांस में शामिल हो गए. माहौल ऐसा था मानो किसी बड़े पारिवारिक समारोह में लोग खुशी मना रहे हों.

शादी को लेकर भी चर्चा में हैं बिश्नोई

दिलचस्प बात यह है कि यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब एसपी केके बिश्नोई की निजी जिंदगी भी चर्चा में है. उनकी शादी जल्द ही होने वाली है. उनका विवाह बरेली में तैनात आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा से तय हुआ है. दोनों अधिकारी 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में सात फेरे लेने वाले हैं. पुलिस महकमे में यह जोड़ी काफी चर्चित हो गई है क्योंकि दोनों ही अपनी सख्त और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं.

Advertisement

‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर अंशिका वर्मा

आईपीएस अंशिका वर्मा को बरेली में अक्सर “लेडी सिंघम” कहा जाता है. अपनी तेजतर्रार कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्होंने कम समय में खास पहचान बना ली है. मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली अंशिका वर्मा ने शुरुआती पढ़ाई वहीं से पूरी की. इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया. बरेली में तैनाती के दौरान उन्होंने कई संवेदनशील मामलों में तेजी से कार्रवाई की. हत्या, एनडीपीएस और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में उन्होंने पुलिस टीमों के साथ मिलकर कई अहम खुलासे किए.

महिला सुरक्षा के लिए नई पहल

अंशिका वर्मा उस समय सबसे ज्यादा चर्चा में आईं जब उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए एक खास पहल शुरू की. वर्ष 2025 में उन्होंने बरेली में “वीरांगना यूनिट” का गठन कराया. यह उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी यूनिट मानी जाती है जिसमें विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया. इस यूनिट की महिला कमांडो को ताइक्वांडो, आत्मरक्षा और दंगा नियंत्रण जैसी विशेष ट्रेनिंग दी गई. इसका उद्देश्य यह था कि संवेदनशील मामलों में महिला पुलिसकर्मी तुरंत और प्रभावी कार्रवाई कर सकें. महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना गया और इसके लिए उन्हें राज्य सरकार की ओर से सम्मानित भी किया गया.

Advertisement

सख्त फैसलों के लिए जाने जाते हैं बिश्नोई

दूसरी ओर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी अपने सख्त प्रशासनिक फैसलों के लिए जाने जाते हैं. 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं. सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला. वर्ष 2024 में उन्हें गोरखपुर से संभल जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया गया. संभल पहुंचने के बाद उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए. नवंबर 2024 में संभल जिले में जामा मस्जिद सर्वे को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी. उस दौरान इलाके में हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं. हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. बताया जाता है कि कम समय में हालात को नियंत्रण में कर लिया गया था. हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन की सक्रियता की चर्चा प्रदेश स्तर तक हुई.

गोरखपुर से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

बताया जाता है कि आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा की मुलाकात गोरखपुर में हुई थी. संभल में तैनाती से पहले बिश्नोई लगभग 29 महीने तक गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात रहे थे. उसी दौरान अंशिका वर्मा वहां एएसपी के रूप में कार्यरत थीं. ड्यूटी के दौरान दोनों अधिकारियों के बीच पहचान हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़कर जीवनसाथी बनने तक पहुंच गया. अपने कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उन्हें वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री मेडल से भी सम्मानित किया गया.

Advertisement

माता-पिता के साथ वायरल हुई तस्वीर

मुख्यमंत्री मेडल समारोह के दौरान एक और तस्वीर चर्चा में रही थी. इस कार्यक्रम में बिश्नोई के माता-पिता गंगा देवी और सुजाना राम बिश्नोई भी मौजूद थे. उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खिंचवाई गई तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी. लोग इस तस्वीर को एक साधारण परिवार के बेटे की सफलता की कहानी के रूप में भी देख रहे थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement