ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा खाने से करीब 40 लोगों के बीमार पड़ने के मामले में बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है. टीम ने कुट्टू का आटा बेचने वाली दुकान और उसके गोदाम को सील कर दिया है.
यह घटना शिवरात्रि के दिन सामने आई, जब बिसरख थाना क्षेत्र की सुपरटेक इकोविलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बताया गया कि सभी ने व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने खाद्य पदार्थ खाए थे. इसके बाद करीब 40 लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई.
बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई
बिसरख पुलिस ने मामले की जानकारी खाद्य विभाग को दी. खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर बिसरख थाने में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुपरटेक इकोविलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में स्थित दुकानों की जांच की. टीम ने कई दुकानों से नमूने भी लिए. जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर रॉयल कोर्ट सोसाइटी स्थित प्रशांत जनरल स्टोर को सील कर दिया गया.
गोदाम मालिक समेत चार लोग हिरासत में
दुकान संचालकों से पूछताछ में सामने आया कि सभी दुकानों ने कुट्टू का आटा एचडी स्पाइसेस, ग्राम चिपियाना से खरीदा था. कंपनी का गोदाम चिपियाना बुजुर्ग में स्थित है. सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम ने गोदाम पर छापा मारा. वहां भी अनियमितता मिलने पर गोदाम को सील कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान बिसरख पुलिस ने गोदाम मालिक समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है. अन्य दुकानों से लिए गए नमूनों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अरुण त्यागी