ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में मोमोज खाने के बाद करीब एक दर्जन लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है. सभी लोगों को उल्टी, पेट दर्द, सिर दर्द और बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मामले की शिकायत प्रशासन तक पहुंचा दी गई है.
दादरी की नई आबादी निवासी आरिफ ने बताया कि उनके घर पर बहन और अन्य रिश्तेदार आए हुए थे. शाम के समय घर पर मोमोज मंगवाए गए और सभी लोगों ने मिलकर खाए. अगले दिन परिवार के करीब 10 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. सभी को तुरंत दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मामले को लेकर जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई है. वहीं अस्पताल में भर्ती एक मरीज सैंडी ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से अस्पताल में भर्ती है और बीमार होने से पहले उसने मोमोज खाए थे.
यह भी पढ़ें: 5 दिन की नवजात का 2.60 लाख में सौदा! ग्रेटर नोएडा पुलिस का एक्शन, अस्पताल मालकिन समेत 3 गिरफ्तार
एक ही दुकान से खरीदे गए थे मोमोज
बताया गया कि दो अलग-अलग परिवारों ने दादरी नगर तहसील के पास स्थित एक ही मोमोज की दुकान से मोमोज खरीदे थे. मोमोज खाने के बाद दोनों परिवारों के लोगों की तबीयत बिगड़ गई. सभी मरीजों का इलाज फिलहाल दादरी के सरकारी अस्पताल में चल रहा है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदार कार्रवाई की मांग की है.
डॉक्टरों ने जताई फूड पॉइजनिंग की आशंका
दादरी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम ने बताया कि 10 से 12 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मरीजों को सिर दर्द, उल्टी, बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी.
प्रथम दृष्टया यह मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है. सभी मरीजों का उपचार जारी है और उन्हें जरूरी इंजेक्शन दिए गए हैं. डॉक्टर के अनुसार अब मरीजों की स्थिति पहले से बेहतर है.
इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि मीडिया के माध्यम से शिकायत मिली है और टीम मौके पर जाकर जांच करेगी.
अरुण त्यागी