उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया. एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर सवार ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए रॉन्ग साइड से आकर स्कूटी और बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में BRD मेडिकल कॉलेज के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई.
चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवक उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग में जा फंसा और वहीं लटका रह गया. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान संतकबीरनगर जिले के रहने वाले 22 वर्षीय आकाश पांडेय के रूप में हुई है, जो BRD मेडिकल कॉलेज में MBBS थर्ड ईयर का छात्र था.
इस दुर्घटना में कुल चार लोग फॉर्च्यूनर की चपेट में आए. इनमें आकाश पांडेय की मौके पर मौत हो गई. जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं.
सूचना मिलते ही कौवा बाग और मोहद्दीपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. देखें VIDEO:-
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से गाड़ी के नंबर (UP 32 LR 0013) को ट्रेस किया. पुलिस ने आरोपी गोल्डेन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गजेंद्र त्रिपाठी