उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया.पांचवीं कक्षा के छात्र कन्हैया चौरसिया की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई.हादसा उस समय हुआ जब मासूम अपनी नई साइकिल से घूमने निकला था.
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले ही कन्हैया के पिता ने उसे साइकिल गिफ्ट की थी. बेहद खुश था और रोज उसी साइकिल से आसपास घूमता था.घटना वाले दिन भी वह साइकिल चलाते हुए घर से निकला था. इसी दौरान अचानक उसकी साइकिल सड़क किनारे बने खुले नाले में जा गिरी.
नई साइकिल से घूम रहा था कन्हैया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले के ऊपर स्लैब नहीं रखा गया था और निर्माण के बाद अतिरिक्त सरिया भी बाहर निकला हुआ था. जैसे ही साइकिल नाले में गिरी, लोहे का सरिया कन्हैया के पेट में घुस गया. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
स्थानीय लोगों ने घटना को प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा बताया है. उनका कहना है कि नाला निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. नाले को खुला छोड़ दिया गया और बाहर निकले सरिये को हटाया नहीं गया, जिससे यह हादसा हुआ.
बिना स्लैब का नाला बना मौत का जाल
सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं.
कन्हैया की मौत से परिवार में मातम पसरा है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस साइकिल को लेकर घर में खुशियां थीं, वही साइकिल अब मासूम की आखिरी याद बन गई है.
रवि गुप्ता