उत्तर प्रदेश के बांदा से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की महंगे मोबाइल फोन की डिमांड पूरी करने के लिए मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया. युवक ने दुकान में घुसकर सिर्फ कीमती मोबाइल फोन ही नहीं बल्कि गुल्लक में रखे सिक्के तक चुरा लिए.
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवक दुकान के अंदर बैग में मोबाइल भरते और इधर-उधर सामान चेक करते दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों ने वीडियो वायरल कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें: 'बेटा मिसाइलों से घबरा जा रहा है...', युद्ध के बीच बहरीन में फंसा बांदा का युवक, मां परेशान
मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर की लाखों की चोरी
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है. जानकारी के मुताबिक 5 मार्च की रात एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी हो गई थी. पीड़ित दुकानदार के अनुसार वह होली के त्योहार के दौरान बाहर गया हुआ था. इसी दौरान अज्ञात चोर ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर लाखों रुपये के मोबाइल फोन, ईयर बर्ड और नगदी चोरी कर ली.
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई. फुटेज में आरोपी दुकान के अंदर घुसकर मोबाइल फोन बैग में भरते और आसपास जांच करते हुए दिखाई दे रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई.
GF की डिमांड पूरी करने के लिए बनाई चोरी की योजना
पुलिस को सूचना मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और महंगे मोबाइल फोन खोजकर चोरी कर लिए. इसके अलावा उसने दुकान से नगदी और ईयर बर्ड भी चुरा लिए.
आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उससे महंगे मोबाइल फोन की डिमांड की थी. उसके पास इतने पैसे नहीं थे, इसलिए उसने चोरी की योजना बनाई और मोबाइल दुकान को निशाना बना लिया. आरोपी ने दुकान से नोटों के साथ-साथ गुल्लक में रखे सिक्के तक चुरा लिए थे.
पुलिस ने बरामद किए लाखों के मोबाइल
मामले को लेकर एएसपी मेविस टोक ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में एक चोर ने दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल फोन समेत कई सामान चोरी किए थे. सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर कार्रवाई शुरू की.
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अजीबोगरीब तथ्य सामने आए. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 31 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, दो ईयर बर्ड, 20 हजार रुपये नगद और एक चेक बरामद किया है. फिलहाल आरोपी को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सिद्धार्थ गुप्ता