अमेठी में साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट, बहन के साथ हुए धोखे से था नाराज

अमेठी के शुकुलबाजार में प्रेम विवाह, विवाद और तलाक के बाद रिश्तों की दुश्मनी खूनी अंजाम तक पहुंच गई. युवक शाहिद का शव रहमतगढ़ के पास मिला. परिजनों ने साले और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

Advertisement
 अमेठी में साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट (Photo: itg) अमेठी में साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट (Photo: itg)

अभिषेक कुमार त्रिपाठी

  • अमेठी ,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:46 PM IST

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है. शुकुलबाजार थाना क्षेत्र के कस्बे में रहने वाले शाहिद की हत्या का मामला सामने आया है. उसका शव रहमतगढ़ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. परिजनों का आरोप है कि शाहिद की हत्या उसकी पूर्व पत्नी साबिया के भाइयों ने की है.

बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले शाहिद ने परिवार की मर्जी के खिलाफ साबिया से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद वह उसे लेकर मुंबई चला गया. कुछ समय बाद वह साबिया को वहीं छोड़कर वापस अपने घर आ गया. जब साबिया अपने पति की तलाश में ससुराल पहुंची तो उसने शाहिद को वहीं पाया. वह पति के साथ रहने की जिद करने लगी, लेकिन शाहिद ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया. आरोप है कि मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया.

Advertisement

साबिया ने अपने मायके जाकर पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसके परिजन शाहिद से बात करने पहुंचे, लेकिन शाहिद ने पत्नी को स्वीकार करने से मना कर दिया. हालात ऐसे बने कि साबिया ने बाद में दूसरी जगह निकाह कर लिया. हालांकि, बताया जाता है कि बहन के साथ हुए व्यवहार से उसके भाइयों के मन में नाराजगी बनी रही.

इसी बीच शाहिद का शव रहमतगढ़ इलाके में मिला. परिजनों ने आरोप लगाया कि साबिया के भाइयों और उनके साथियों ने बदला लेने के लिए शाहिद की हत्या कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement