घर की सीढ़ियों पर खून से सनी लाश... लापता महिला की हत्याकर मकान के आगे फेंका शव

आगरा के थाना सदर क्षेत्र के रोहता गांव में 36 वर्षीय महिला नीलम की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने शव को एक घर के बाहर सीढ़ियों के किनारे फेंक दिया. सोमवार सुबह मृतका की बेटी ने खून देखकर परिजनों को सूचना दी. पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

Advertisement
महिला की हत्या कर फेंका शव (Photo: itg) महिला की हत्या कर फेंका शव (Photo: itg)

aajtak.in

  • आगरा,
  • 03 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 11:31 AM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. थाना सदर क्षेत्र के रोहता गांव में 36 साल की महिला नीलम की हत्या कर उसके शव को एक घर के बाहर सीढ़ियों के किनारे फेंक दिया गया. सोमवार सुबह जब मृतका की बेटी ने खून के निशान देखे तो उसने परिजनों को सूचना दी. इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया.

Advertisement

घर पर जूते की हील बनाती थी नीलम

मृतका की पहचान रोहता गांव निवासी नीलम के रूप में हुई है. नीलम घर पर रहकर जूते की हील बनाने का काम करती थी और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थी. परिजनों के अनुसार, रविवार रात नीलम अचानक लापता हो गई थी. रातभर उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका.

शव को देख चीख पड़ी बेटी

सोमवार सुबह गांव के एक घर के बाहर सीढ़ियों के पास खून से लथपथ महिला का शव पड़ा मिला. जब नीलम की बेटी ने शव को देखा तो वह चीख पड़ी और तुरंत परिजनों को जानकारी दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान नीलम के रूप में की.

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम और डीसीपी सिटी अली अब्बास मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

Advertisement

खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे

डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नीलम की हत्या किसने और किन कारणों से की.

फिलहाल नीलम की मौत से उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग दहशत में हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

Input: नितिन उपाध्याय

 

 

 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement