सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले कई वायरल मीम या रील के अंत में चाय का गिलास पकड़े और खिलखिलाकर हंसता एक लड़का दिखाई देता है. साधारण से दिखने वाले इस लड़के की हंसी इतनी प्रभावी है कि किसी भी रील, वीडियो या मीम के फन मोमेंट का यह आज सिंबल बन चुका है. इंटरनेट की दुनिया में हंसी और फन का सिंबल बन चुका ये वायरल लाफिंग बॉय कौन है? इस हंसी वाले मोमेंट की क्या कहानी है, जो इतना वायरल हुआ कि आज हर एक रील और मीम में दिखाई देता है.
चाय का कप पकड़े, खिलखिलाकर हंसने वाले इस लड़के का नाम अरुण कुमार है. यह तेलंगाना का रहने वाला है. इसकी स्वाभाविक और दिल खोलकर हंसने के अंदाज ने लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई होगी, लेकिन लोगों को हंसाने वाले इस लड़के की खुद की कहानी काफी संघर्ष और मुश्किल भरी है.
इन दिनों अरुण इसलिए चर्चा में है, क्योंकि इसने इस साल मार्च में 10वीं बोर्ड की परीक्षा पास कर ली. जिस शख्स ने कभी इसकी हंसी को कैमरे में कैदकर वायरल किया था. उस नेहरू नाम के व्यक्ति ने ही अरुण को पढ़ा-लिखाकर 10वीं बोर्ड की परीक्षा पास कराई है.
गरीबी के कारण अरुण ने चौथी क्लास तक पढ़ने के बाद बीच में ही स्कूल छोड़ दिया था. फिर उसे नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर साथ मिला. नेहरू ने अरुण को ट्रक पर क्लीनर की नौकरी दे दी. अरुण की जिंदगी नेहरू के साथ ट्रक पर दूर-दराज की यात्रा करते और हाईवे पर ट्रक के टायरों की धूल झाड़ते कटने लगी.
ट्रक पर यहां-वहां जाते टाइम पास के लिए नेहरू रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करता था. एक दिन उसने नेहरू का चाय पीते हुए और किसी बात पर बेफिक्री में खिलखिलाकर हंसते हुए पल का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. अरुण की ये बेफिक्र हंसी लोगों को इतनी पसंद आई कि रातोंरात नेहरू का ये वीडियो वायरल हो गया. फिर क्या था, अरुण इंटरनेट पर वायरल लाफिंग बॉय के नाम से फेमस हो गया.
आज अधिकतर फनी रील और मीम्स में अरुण की हंसी वाले कुछ सेकेंड का फुटेज जरूर होता है. क्योंकि, यह स्वाभाविक हंसी डिप्रेशन, फ्रस्ट्रेशन, काम के दबाव और जिंदगी की तमाम उलझनों में फंसे लोगों के चेहरे पर भी सुकून ले आई थी.
इस शोहरत के बाद अरुण सिर्फ एक वायरल मीम बनकर नहीं रह गया. उसके ड्राइवर नेहरू ने अरुण की एक गाइड की तरह मदद की और उसे आगे बढ़ाने की ठान ली. इसके बाद उसने काम करते हुए अरुण की पढ़ाई की व्यवस्था की. अरुण का हौसला बढ़ाया और उसका दाखिला वापस स्कूल में करवा दिया. इस साल मार्च में अरुण ने अपनी मेहनत से 10वीं की परीक्षा पास कर ली है और वो एक सफल कंटेंट क्रिएटर बन चुके हैं.
aajtak.in