इंग्लैंड में एक शख्स जब सोकर उठा तो उसके होश उड़ गए. क्योंकि, उसका पूरा शरीर नीला पड़ गया था. वह दौड़ते हुए अस्पताल पहुंचा. डॉक्टरों भी उसे देखकर चौंक गए. फिर उसका चेकअप शुरू हुआ. इसी बीच कुछ ऐसा सामने आया कि आसपास मौजूद डॉक्टर और नर्स हंसने लगे और शख्स को शर्मिंदगी महसूस हुई.
द मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, 42 साल के टॉमी लिंच नाम का शख्स जब सोकर उठा तो उसका शरीर सिर से लेकर पैर तक पूरा नीला हो चुका था. तुरंत अस्पताल भागा. टॉमी को सीधे डॉक्टर के पास ले जाया गया और कुछ ही मिनटों में उन्हें बिस्तर मिल गया.
टॉमी ने कहा कि वे मुझे तुरंत अंदर ले गए, सीधे ऑक्सीजन पर लगा दिया और मुझसे कई सवाल पूछने लगे. एक समय में मेरे चारों ओर लगभग 10 डॉक्टर मौजूद थे.डॉक्टरों ने कहा कि उन्होंने पहले कभी किसी को इस तरह रंग बदलते और इसके बाद भी जीवित रहते नहीं देखा था. टॉमी ने बताया कि मैं किसी अवतार जैसा दिख रहा था.
खून लेने के लिए बांह पोछने पर वजह आई सामने
टॉमी ने बताया कि फिर वो मेरा खून लेने गए और जैसे ही उन्होंने मेरी बांह को अल्कोहल वाइप से साफ किया, तो रुई का टुकड़ा नीला पड़ गया - और टॉमी को समझ आ गया कि इसका कारण क्या था. टॉमी को उसके दोस्त डेल ने घर में ठंड से बचने के लिए 40 पाउंड की किंग साइज चादर खरीदी थी. हालांकि, उसे यह एहसास नहीं था कि त्वचा पर रंग लगने से रोकने के लिए उन्हें पहले धोना जरूरी है. उसे ओढ़कर टॉमी देर तक सो गया था.
टॉमी ने फिर पूरी कहानी बताई कि आखिर कैसे उसका शरीर नीला पड़ गया. उसने कहा कि एक दिन पहले भी मैं उस चादर पर सोया था. तब मैंने किसी से हाथ मिलाया था और तब मेरा चेहरा हल्का नीला दिख रहा था, लेकिन मुझे लगा कि मुझे बस ठंड लग रही है. अगली रात मुझे शायद मैं बहुत आरामदायक महसूस कर रहा था. और ठंड की वजह से उस चादर को मैंने ओढ़ लिया था. मेरे दोस्त डेल ने दरवाजा खटखटाकर मुझे जगाया क्योंकि मैं 14 घंटे सो चुका था और उसने मुझे देखते ही कहा कि मुझे अस्पताल जाना होगा.
नए चादर पर सोने के बाद शरीर पड़ गया था नीला
टॉमी ने बताया कि मैंने अपनी मां को एक तस्वीर भेजी और वह मेरा चेहरा देखकर घबरा गई. मैं काफी उलझन में था क्योंकि मैं अभी-अभी गहरी नींद से जागा था. मैं ऊपर गया, अपने हाथों को रगड़कर साफ करने की कोशिश की, लेकिन दाग नहीं निकल रहा था और साबुन का रंग भी नीला नहीं हो रहा था. मुझे लगा मेरा रंग की नीला पड़ गया है.
टॉमी के दोस्त को गंभीर चिंता थी कि कहीं वह पूरी तरह से नीला पड़ जाने के कारण बीमार न हो गया हो और उसे ऑक्सीजन की कमी न हो गई हो. टॉमी, जो बिना कपड़ों के सोता है, बहुत थका हुआ महसूस कर रहा था और बर्टन के क्वीन्स अस्पताल जाने के लिए सहमत हो गया.
डर्बीशायर के कैसल ग्रेसली के रहने वाले टॉमी ने कहा कि मुझे कभी पता ही नहीं था कि चादरों पर सोने से पहले या उसे ओढ़ने से पहले उन्हें धोना पड़ता है. जब वह आपातकालीन विभाग से निकला तो रिसेप्शन पर हर कोई उसे ऐसे घूर रहा था जैसे उन्होंने कोई भूत देख लिया हो. उसे डेस्क तक चलकर जाना पड़ा.अस्पताल के सभी डॉक्टर उसका ये हाल देखकर हंस रहे थे.
aajtak.in