अपने आत्मसम्मान की खातिर करोड़पति भाईयों से अलग रह रही एक 44 साल की महिला पर चोरी का आरोप लगा और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई. विधवा बहन अपना और अपने बच्चों का गुजारा दूसरों के घर में खाना बनाकर करती थी. यह सनसनीखेज मामला दिल्ली के महरौली इलाके का है.
आरोप है कि मंजू गोयल नाम की महिला को उसके मकान मालिक ने चोरी का इल्जाम लगाकर अपने परिवार और नौकर के साथ इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. मंजू की उम्र लगभग 44 साल है. महरौली की रहने वाली मंजू विधवा है.
दिल्ली का मशहूर जिंदल कैटरर्स का कारोबार इनके भाइयों का है बावजूद इसके भाइयों के कहने के बाद भी वह किसी की भी मदद नहीं लेती थी. अपने भाइयों का फ्लैट होने के बावजूद भी आत्म सम्मान के लिए किराए के घर में अकेली रहती थी. दूसरे के घरों में खाना बनाकर वह अपना पेट पालती थी और कुछ पैसे अपने बच्चों को भी देती थी.
मंजू के बच्चे मंजू के ससुराल रेवाड़ी में रहते हैं. यह घटना शनिवार की है. महिला के मकान मालिक ने चोरी के इल्जाम में इसको इतना पीटा कि यह बुरी तरह घायल हो गई. पीटने के बाद मंजू के भाई को बुलाकर उसके हवाले कर दिया. महरौली में ही मंजू का प्राथमिक उपचार हुआ लेकिन अंदरूनी चोट काफी ज्यादा थी जिसके चलते शाम होते होते महिला की मौत हो गई.
महिला और उसके भाइयों में काफी ज्यादा प्यार था. अपनी बहन की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण भाई ने कई बार मदद करने की कोशिश की लेकिन महिला का आत्मसम्मान कितना था कि वह कभी मदद नहीं लेती थी. अपनी बहन के मौत के बाद इस भाई ने महरौली थाने में पूरी घटना की शिकायत दी. महरौली थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आईपीसी की धारा 302 का मुकदमा दर्ज किया और मकान मालिम सतीश पहवा, उसकी पत्नी, बेटे पंकज और नौकरानी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है.