दुनिया के ताकतवर नेताओं में से एक सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) और अमेरिकी अभिनेत्री लिंडसे लोहान के अफेयर की चर्चा जोर पकड़ रही है. पिछले दिनों, 'पेज सिक्स' ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि दोनों की करीबियां बढ़ रही हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी क्राउन प्रिंस अपने प्राइवेट जेट से ऐक्ट्रेस से मिलने के लिए जाते हैं और उन्हें तोहफे देते हैं. रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि सऊदी क्राउन प्रिंस ने लिंडसे को गिफ्ट में एक क्रेडिट कार्ड भी दिया.
हालांकि, लोहान के रिप्रेजेंटेटिव ने इन खबरों का खंडन किया है. उन्होंने कहा है कि दोनों की सिर्फ एक बार मुलाकात हुई है. एक साल पहले फार्मूला वन ग्रैंड प्रिक्स रेस के दौरान मिले थे. रेप्रिजेंटेटिव ने इस बात से भी इनकार किया कि सऊदी क्राउन प्रिंस ने लिंडसे को कोई क्रेडिट कार्ड दिया है.
लिंडसे के पिता माइकेल ने कहा कि उनकी बेटी का सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ अलौकिक और सम्मानजनक रिश्ता है. उन्होंने दोनों के बीच रोमांस की खबरों को खारिज कर दिया. न्यू यॉर्क पोस्ट से बातचीत में माइकेल लोहान ने कहा कि उनकी बेटी क्राउन प्रिंस के साथ रोमांटिक रिलेशनशिप में नहीं है.
उन्होंने कहा, वे दोनों केवल दोस्त हैं, लिंडसे के मध्य-पूर्व में बहुत से प्रभावशाली लोग दोस्त हैं क्योंकि वहां उसकी बड़ी फैन फॉलोइंग है. लिंडसे एमबीएस से कामकाज के सिलसिले में मिली थीं. वह मध्य-पूर्व के लोगों की भलाई, खासकर शरणार्थियों के लिए काम कर रही हैं.
उन्होंने कहा, कोई इस बारे में नहीं लिखता है कि सीरिया में वह क्या अच्छा काम कर रही है, हर कोई सिर्फ नकारात्मक खबरें सुनना चाहता है. उनका एमबीएस के साथ बेहद गरिमामय रिश्ता है, उससे ज्यादा कुछ नहीं.
सऊदी क्राउन प्रिंस वॉशिंगटन पोस्ट के पत्रकार जमाल खाशोग्जी की हत्या के आरोप में घिरे हुए हैं. लोहान के पिता ने इस बारे में कहा कि इनमें से कोई भी आरोप सच साबित नहीं हुआ है.
माइकेल लोहान ने कहा, लिंडसे बताती हैं कि वह (एमबीएस) बहुत ही अच्छे इंसान हैं. वह सुरक्षित महसूस करती है, उसके आस-पास भले लोग हैं और उसे पता है कि उसे कैसा बर्ताव करना है.