दुनिया में रईसों की कमी नहीं है, लेकिन जब बात सुपर रिच यानी उन चुनिंदा 0.1 प्रतिशत लोगों की आती है जिन्होंने शायद दो बार दुनिया घूम ली है, तो उनका सफर किसी आम इंसान के लिए किसी कल्पना से कम नहीं होता. इन रईसों के लिए यात्रा का मतलब सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव खरीदना है जहां पैसा कोई मायने नहीं रखता और प्राइवेसी ही सबसे बड़ी दौलत होती है.
इनके लिए समय ही सब कुछ है, इसलिए ये एयरपोर्ट की लंबी लाइनों में लगने के बजाय निजी जेट और भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा लेते हैं. यह एक ऐसी दुनिया है जहां मेहमानों की हर अतरंगी जिद को पूरा करना ही पर्यटन का नया मुकाबला बन गया है. चलिए जानते हैं क्या है रईसों के इस शाही सफर का पूरा सच और उनकी अनसुनी फरमाइशें.
मालदीव का वो वोवाह आइलैंड
आज के दौर में मालदीव अमीरों के लिए विलासिता का सबसे बड़ा अड्डा बन चुका है. यूनेस्को द्वारा संरक्षित बा एटोल के समुद्री क्षेत्र में स्थित वोवाह में फोर सीजन्स प्राइवेट आइलैंड लग्जरी की सारी हदें पार कर देता है. पांच एकड़ में फैले इस निजी द्वीप पर सिर्फ एक रात रुकने का किराया करीब 40 लाख रुपये है. यह जगह इतनी गोपनीय है कि यहां काम करने वाले हर कर्मचारी को एक खास कानूनी समझौते यानी 'नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट' (NDA) पर साइन करना पड़ता है, ताकि यहां आने वाले मेहमानों की कोई भी बात बाहर न जा सके. इस आइलैंड पर सात आलीशान बेडरूम, खुद का डाइव सेंटर और समंदर की लहरों पर सैर के लिए 62 फीट की एक बेहद शानदार यॉट हमेशा तैयार खड़ी रहती है.
यह भी पढ़ें: भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में बड़ा सुधार, 56 देशों में बिना वीजा एंट्री
इटली का वैभव और पोसिटानो का वो आलीशान विला
अगर बात पुराने जमाने की रॉयल्टी और क्लासिक लग्जरी की हो, तो इटली की चट्टानों पर बसे आलीशान होटल आज भी अमीरों की पहली पसंद हैं. पोसिटानो में स्थित 'विला ट्रेविले' इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. ऊबड़-खाबड़ चट्टान पर बसा यह होटल पुराने जमाने के वैभव का प्रतीक है. टायरेनियन सागर का मनोरम दृश्य दिखाने वाले इस विला में एक साधारण कमरे की शुरुआत ही करीब 4 लाख रुपये प्रति रात से होती है. यहां प्राइवेसी का इतना ख्याल रखा जाता है कि दुनिया के बड़े-बड़े रईस और हस्तियां अपनी छुट्टियां बिताने यहीं आते हैं. इसके अलावा, अब ग्रीस के पारोस जैसे शांत शहर भी अमीरों के नए ठिकाने बन रहे हैं, जहां वे भीड़भाड़ से दूर निजी विला में वक्त बिताते हैं.
यह भी पढ़ें: एडवेंचर के शौकीनों के लिए जन्नत हैं ये 5 विदेशी ठिकाने, आज ही करें प्लानिंग
आर्कटिक में लग्जरी सफारी
आजकल के सुपर रिच अब केवल आरामदायक कमरों तक ही सीमित नहीं रहना चाहते, उन्हें अब ऐसा रोमांच चाहिए जो दुनिया में बहुत कम लोगों को नसीब हो. इसी चाहत में वे आर्कटिक जैसे दुर्गम इलाकों की यात्रा पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रहे हैं. प्रतिबंधित क्षेत्रों में ध्रुवीय भालू देखने जैसी सफारी के लिए ये रईस 2.6 करोड़ रुपये तक खर्च करने से नहीं हिचकिचाते. उनके लिए समंदर के बीचों-बीच तैरते मेगा-यॉट ही उनकी असली दुनिया होते हैं, जो किसी चलते-फिरते महल की तरह काम करते हैं. यहां उनका अपना पर्सनल शेफ होता है और सुरक्षा ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके. चाहे पहाड़ों पर स्कीइंग करना हो या यूरोप के शांत तटों पर वक्त बिताना, अमीरों का यह सफर बेहिसाब विलासिता और प्राइवेसी की एक ऐसी कहानी है जो आम दुनिया की पहुंच से कोसों दूर है.
aajtak.in