मार्च का महीना घूमने-फिरने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इस समय न तो तेज गर्मी परेशान करती है और न ही ज्यादा ठंड होती है. मौसम सुहावना रहता है, जिससे सफर आरामदायक और मजेदार बन जाता है. अगर आप भी मार्च में ट्रैवल करने का प्लान बना रहे हैं तो भारत की कई ऐसी जगहे हैं जहां आप शहरों के भीड़-भाड़ से दूर नेचर के साथ सुकून के पल बिता सकते हैं और खूबसूरत नजारों का भरपूर आनंद ले सकते हैं. आज इस खबर में हम आपको उन्हीं बेहतरीन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां मार्च में घूमना आपके ट्रिप को यादगार बना सकता है.
वाराणसी
मार्च में वाराणसी की सुबहें सुकून भरी और शामें हल्की ठंडी होती हैं. इस मौसम में मंदिरों के दर्शन और गंगा किनारे टहलना बहुत अच्छा लगता है. गर्मी अभी दूर होती है, इसलिए गलियों में घूमना भी आसान रहता है. यहां आप दशाश्वमेध घाट शाम की गंगा आरती में शामिल हो सकते हैं, काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर सकते हैं और शाम के समय गंगा में नौका विहार का आनंद ले सकते हैं.
उदयपुर
लेक सिटी उदयपुर मार्च में बेहद खूबसूरत दिखता है. मौसम हल्का ठंडा रहता है और झीलों में साफ आसमान का नजारा देखने को मिलता है. घूमने और फोटो खींचने के लिए यह समय बहुत अच्छा है. यहां आप सिटी पैलेस में रॉयल पैलेस देख सकते हैं, पिछोला झील में नौका विहार का आनंद लें सकते हैं, जग मंदिर और सहेलियों की बाड़ी घूम सकते हैं.
पचमढ़ी
मार्च में पचमढ़ी हरियाली से भर जाती है. मौसम ठंडा और आरामदायक रहता है, जिससे ट्रैकिंग और घूमना आसान हो जाते हैं. शांति पसंद करने वालों के लिए यह जगह शानदार है. यहां आप बी फॉल्स में हरियाली के बीच स्थित एक ताजगी भरा झरना देख सकते हैं, धूपगढ़ में सूर्यास्त का मनमोहक दृश्य देख सकते हैं, पांडव गुफाएं और सतपुड़ा राष्ट्रीय उद्यान घूम सकते हैं.
दार्जिलिंग
मार्च में दार्जिलिंग की हवा ताजगी से भरी होती है. चाय के बागान हरे-भरे दिखते हैं और साफ मौसम में पहाड़ों का नजारा भी मिल जाता है. यहां आप टाइगर हिल में कंचनजंगा पर सूर्योदय देख सकते हैं, दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे पर फेमस टॉय-ट्रेन की सवारी का आनंद लें सकते हैं और चाय के बगान जैसी जगहें घूम सकते हैं.
ऊटी
मार्च में ऊटी का मौसम ठंडा और सुहावना रहता है. भीड़ कम होती है और चारों तरफ हरियाली दिखती है. गर्मी से राहत पाने के लिए यह जगह बढ़िया है. यहां आप ऊटी झील में नाव की सवारी का आनंद ले सकते हैं, बॉटनिकल गार्डन में रंग-बिरंगे वसंत ऋतु के फूल देख सकते हैं और नीलगिरी माउंटेन रेलवे स्टेशन पर मनमोहक टॉय-ट्रेन की सवारी का आनंद लें सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क