जब भी आप होटल के लग्जरी कमरे में कदम रखते हैं तो आप वहां की सब चीजें साफ सुथरी देखकर इंप्रेस हो जाते हैं. बेड पर बिछी सफेद चाहर से लेकर चमकदार सफेद तौलिये तक सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं. मुंह-हाथ धोकर बाहर निकलते ही आपका हाथ सबसे पहले तौलिये की तरफ बढ़ता है और आप उसे उठाकर अपना मुंह पोंछ लेते हैं. लेकिन क्या आपको अंदाजा है कि हो सकता है आप अपना चेहरा टॉयलेट के तौलिये से रगड़ रहे हों. क्या आप भी उन लोगों में से हैं जो बिना सोचे-समझे किसी भी तौलिये से अपना चेहरा रगड़ लेते हैं? अगर हां, तो ये खबर आपके लिए है.
होटल के कमरे में रखे हर तौलिये का एक खास प्रोटोकॉल होता है. कई बार जिसे हम चेहरा साफ करने वाला सॉफ्ट टॉवल समझ बैठते हैं, वो असल में दूसरों के पैर सुखाने के काम आता है. अनजाने में की गई ये छोटी सी गलती न सिर्फ आपकी स्किन को खराब कर सकती है, बल्कि होटल स्टाफ की नजरों में आपको अनपढ़ या गंवार भी साबित कर सकती है. आज हम आपको होटल के उन 5-6 अलग-अलग तौलियों के बारे में बताएंगे, जो हर होटल में मौजूद होते हैं ताकि अगली बार आप पैर पोंछने वाले तौलिये से अपना चेहरा रगड़ने की भूल न करें.
होटल में कितने तरह के तौलिये होते हैं और उनका सही इस्तेमाल क्या है?
होटल में रखे तौलिये दिखने में भले ही एक जैसे लगें, लेकिन हर तौलिये का अलग काम होता है. अक्सर लोगों को इनकी सही जानकारी नहीं होती है, जिसकी वजह से वे इनका गलत इस्तेमाल कर लेते हैं.
1. बाथ टॉवल: ये एक बड़ा और मोटा तौलिया होता है. इसका इस्तेमाल नहाने के बाद पूरे शरीर को अच्छी तरह सुखाने के लिए किया जाता है.
2. बाथ शीट: ये बाथ टॉवल से भी बड़ा होता है और ज्यादातर लग्जरी होटलों में मिलता है. इसका इस्तेमाल नहाने के बाद पूरे शरीर को आराम से लपेटने के लिए किया जाता है.
3. हैंड टॉवल: अब बात आती है हैंड टॉवल की तो बता दें ये मीडियम साइज का तौलिया होता है, जो आमतौर पर वॉशबेसिन के पास टंगा रहता है. इसका इस्तेमाल हाथ धोने के बाद हाथ पोंछने और हल्का-सा चेहरा साफ करने के लिए किया जाता है.
4. फेस टॉवल / वॉशक्लॉथ: ये एक छोटा और बहुत मुलायम तौलिया होता है. इसका इस्तेमाल खासतौर पर चेहरे की सफाई और स्किन के लिए किया जाता है, ताकि स्किन को कोई नुकसान न हो.
5. बाथ मैट / फुट टॉवल: ये तौलिया जमीन पर बिछाया जाता है. जब आप नहाकर निकलते हैं तो ये गीले पैर रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. ध्यान रखें, इसे कभी भी चेहरे या हाथ पोंछने के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए.
6. पूल/स्पा टॉवल: अगर होटल में स्विमिंग पूल या स्पा है, तो उसके लिए आपको अलग से तौलिये दिए जाते हैं. ये ज्यादा मोटे और एक्स्ट्रा पानी सोखने वाले होते हैं, जिनका इस्तेमाल केवल पूल या स्पा के बाद किया जाता है.
हर तौलिया साफ-सफाई और हाइजीन के हिसाब से अलग काम के लिए होता है, इसलिए हमेशा सही तौलिये का सही इस्तेमाल करें.
कैसे पहचानें कौन सा तौलिया किस काम का है?
अगर आपको कन्फ्यूजन हो रहा हो, तो ये आप कुछ आसान ट्रिक अपनाकर आसानी से तौलियों को पहचान सकते हैं.
सबसे बड़ा तौलिया: नहाने के बाद शरीर सुखाने के लिए
मीडियम साइज (वॉशबेसिन के पास): हाथ और चेहरा
छोटा और मुलायम: फेस टॉवल
मोटा और नीचे रखा: पैर साफ करने के लिए/फर्श (बाथ मैट)
होटल में क्यों होते हैं अलग-अलग तौलिये?
होटल इंडस्ट्री में साफ-सफाई का बहुत ध्यान रखा जाता है. इसी वजह से हर काम के लिए अलग तौलिये दिए जाते हैं, ताकि किटाणु न फैलें और कमरा भी गंदा न हो. कह सकते हैं कि क्रॉस-कंटैमिनेशन से बचने के लिए ऐसा किया जाता है. बड़े-बड़े और लग्जरी होटल इस नियम को बहुत सख्ती से फॉलो करते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क