शादी हो, कोई ग्रैंड पार्टी या फिर किसी आलीशान होटल का शानदार बुफे, सामने सजे लजीज पकवानों की लंबी कतार देखकर अक्सर अच्छे-अच्छों का अपने ऊपर कंट्रोल नहीं रहता है. भूख और इतनी सारी डिशेज देखकर लोगों के मन में जन्मी एक्साइटमेंट में ज्यादातर लोग अपनी प्लेट में खूब सारा खाना एक ही साथ भर लेते हैं. उनकी प्लेट खाना का पहाड़ सी लगने लगती है. कोई हर डिश को थोड़ा-थोड़ा चखने के चक्कर में प्लेट भर लेता है, तो कोई इस डर से कि कहीं कुछ छूट न जाए.
लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि भीड़ के बीच इस तरह से खाना लेना और खाना आपको गंवारों की कैटगरी में रख सकता है? जो लोग सलीके से खाना खाते हैं, वो आपको देखकर ये जरूर सोचेंगे कि या तो आप पहली बार इस तरह का खाना खा रहे हैं या फिर आपको खाना खाने की तमीज नहीं है. ऐसे में ये बात जानना बहुत जरूरी है कि बुफे में खाना सलीके से किस तरह खाया जाए. मशहूर शेफ पंकज भदौरिया ने बुफे में सलीके से खाना खाने के कुछ बेहद काम के टिप्स शेयर किए हैं. इन खास रूल्स को फॉलो करके आप लोगों के बीच गंवार कहलाने से बच सकते हैं.
प्लेट को ओवरलोड करना है सबसे बड़ी गलती
शेफ पंकज भदौरिया बताती हैं कि अक्सर लोग बुफे में पहुंचते ही अपनी प्लेट में हर डिश रख लेते हैं. इससे प्लेट भरी हुई और बिखरी-बिखरी लगती है. उनके मुताबिक, ऐसा करना गलत माना जाता है. उन्होंने सलाह दी कि एक बार में अपनी प्लेट में सिर्फ 2 आइटम ही सर्व करें. अगर पसंद आए तो बाद में दोबारा जाकर ले सकते हैं.
उतना ही लें जितना खा सकें
बुफे में सबसे जरूरी बात है कि खाना बर्बाद न हो. कई लोग जरूरत से ज्यादा खाना ले लेते हैं और बाद में प्लेट में छोड़ देते हैं. ऐसे में कोशिश करें आपकी प्लेट में उतना ही खाना हो जितना आप खा सकें, जिससे आखिर में प्लेट में खाना न बचे.
पहले पूरा बुफे देख लें
तुरंत देखते ही खाना प्लेट में सर्व करने से पहले पूरा बुफे एक बार देख लेना चाहिए. इससे आपको पता चल जाता है कि कौन-कौन सी डिश मौजूद हैं और आप समझदारी से अपनी पसंद का खाना चुन सकते हैं. वरना अक्सर लोग शुरुआत में ही पेट भर लेते हैं और बाद की अच्छी डिश मिस कर देते हैं.
खाने की लाइन में रखें पेशेंस
बुफे में जल्दबाजी करना या दूसरों को धक्का देकर आगे निकलना बहुत खराब माना जाता है. ऐसे में लाइन में अपनी बारी का इंतजार करें और आराम से खाना लें. ये छोटी-सी आदत आपको बेइज्जत होने से बचाती है.
बार-बार प्लेट बदलना सही नहीं
कई लोग स्नैक्स, मेन कोर्स और मिठाई के लिए अलग-अलग प्लेट लेते रहते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. आपको एक ही प्लेट लेनी चाहिए. हर बार प्लेट बदलना सही नहीं माना जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क