प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार शाम अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतनयाहू से फोन पर बात की. दोनों की इस बातचीत में कोरोना वायरस पर चर्चा हुई. कोविड के बाद की दुनिया में भारत और इजराइल आपसी सहयोग कैसे बढ़ा सकते हैं, इस पर विस्तृत चर्चा हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर खुद इस बातचीत के बारे में जानकारी दी. प्रधानमंत्री मोदी ने नेतन्याहू को रिकॉर्ड बनाते हुए पांचवीं बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी.
ट्वीट में नरेंद्र मोदी ने लिखा, मेरे मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बड़ी अच्छी बातचीत हुई कि कैसे भारत-इजरायल कोविड के बाद की दुनिया में सहयोग कर सकते हैं. साथ ही उन्हें रिकॉर्ड 5वीं बार प्रधानमंत्री पद संभालने के लिए बधाई दी. आने वाले दिनों में भारत-इजरायल की साझेदारी और मजबूत होगी.
अभी हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के बीच वर्चुअल शिखर सम्मेलन में बातचीत हुई थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को भारत आने का न्योता दिया. साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार संबंध बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बीते कुछ साल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध काफी मजबूत हुए हैं. कोरोना संकट के बाद प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात होती रही है. कोरोना से लेकर आपसी संबंधों पर नेताओं में विस्तार से चर्चा होती रही है.
हाईड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के लिए धन्यवाद
इससे पहले अप्रैल महीने में नेतन्याहू ने कोरोना की दवा हाईड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया था. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था, 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन भेजने के लिए शुक्रिया. इजरायल के सभी नागरिक आपका धन्यवाद करते हैं.' इस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हम सब मिलकर इस महामारी से लड़ेंगे. भारत अपने दोस्तों की मदद के लिए हर संभव कोशिश करेगा. इजरायल के लोगों की सलामती और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हैं.'
aajtak.in