सेना में होमोसेक्शुअल रिश्तों की नहीं देंगे इजाजत: आर्मी चीफ

Bipin Rawat against Homosexuality in army आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने पत्रकारों से बाचतीच में भारतीय सेना में समलैंगिक यौन संबंधों और व्यभिचार की इजाजत नहीं दिए जाने की बात कही. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि हम इसे सेना में नहीं होने दे सकते.

Advertisement
जनरल बिपिन रावत(File photo: PTI) जनरल बिपिन रावत(File photo: PTI)

राहुल झारिया

  • नई दिल्ली,
  • 11 जनवरी 2019,
  • अपडेटेड 8:26 AM IST

सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने गुरुवार को कहा कि भारतीय सेना में समलैंगिक यौन संबंधों और व्यभिचार की इजाजत नहीं दी जाएगी. सेना प्रमुख ने यह बयान सुप्रीम कोर्ट द्वारा वयस्कों के बीच समलैंगिक संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने और ब्रिटिश कालीन व्यभिचार संबंधी एक कानूनी प्रावधान को रद्द करने के कुछ महीने बाद दिया है.

सुप्रीम कोर्ट के दो ऐतिहासिक फैसलों के असर से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए जनरल रावत ने पत्रकारों से बाचतीच में कहा, 'सेना में यह स्वीकार्य नहीं है.'

Advertisement

सेना प्रमुख ने कहा कि उनका बल कानून से ऊपर नहीं है, लेकिन सेना में समलैंगिक यौन संबंध और व्यभिचार की इजाजत देना मुमकिन नहीं होगा. उन्होंने व्यभिचार पर कहा, 'सेना रूढिवादी है. सेना एक परिवार है. हम इसे सेना में होने नहीं दे सकते.'

उन्होंने कहा कि सीमाओं पर तैनात सैनिकों और अफसरों को उनके परिवार के बारे में फिक्रमंद नहीं होने दिया जा सकता. सेना के जवानों का आचरण सेना अधिनियम से संचालित होता है.

जनरल रावत ने कहा, 'सेना में हमें कभी नहीं लगा कि यह हो सकता है. जो कुछ भी लगता था उसे सेना अधिनियम में डाला गया. जब सेना अधिनियम बना तो इसके बारे में सुना भी नहीं था. हमने कभी नहीं सोचा था कि यह होने वाला है. हम इसे कभी इजाजत नहीं देते. इसलिए इसे सेना अधिनियम में नहीं डाला गया.'

Advertisement

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि जो कहा जा रहा है या जिस बारे में बात हो रही है उसे भारतीय सेना में होने की इजाजत नहीं दी जाएगी.' हालांकि, साथ ही जनरल रावत ने कहा कि सेना कानून से ऊपर नहीं है और सुप्रीम कोर्ट देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था है.

दरअसल, सेना व्यभिचार के मामलों से जूझ रही है और आरोपियों को अक्सर कोर्ट मार्शल का सामना करना पड़ता है. सेना की भाषा में व्यभिचार को 'साथी अधिकारी की पत्नी का प्यार हासिल करना' के रूप में परिभाषित किया गया है.

सेना प्रमुख ने 15 जनवरी को सेना दिवस से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'हम देश के कानून से परे नहीं हैं, लेकिन जब आप भारतीय सेना में शामिल होते हैं तो आपके पास जो अधिकार हैं. वे हमारे पास नहीं होते हैं. कुछ चीजों में अंतर है.'

गौरतलब है कि बीते सितंबर में सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ(कॉन्स्टीट्यूशन बेंच) ने एकमत से वयस्कों के बीच आपसी रजामंदी से अप्राकृतिक यौन संबंधों को अपराध घोषित करने वाली आईपीसी की धारा 377 को रद्द किया था. अदालत ने कहा था कि यह समानता के अधिकार का उल्लंघन करती है.

पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने व्यभिचार संबंधी ब्रिटिश कालीन कानूनी प्रावधान को रद्द करते हुए कहा था कि यह असंवैधानिक है और महिलाओं को 'पतियों की संपत्ति' मानता है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement