T20 WC: गुप्टिल का धमाका- न्यूजीलैंड ने जुटाए 2 प्वाइंट, स्कॉटलैंड 16 रनों से हारा

न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप के सुपर-12 चरण ग्रुप-दो मैच में स्कॉटलैंड को 16 रनों से शिकस्त दी. कीवियों की इस जीत में उसके स्टार बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल की 56 गेंदों में 93 रनों की धुआंधार पारी का अहम योगदान रहा. 

Advertisement
Martin Guptill (Getty) Martin Guptill (Getty)

aajtak.in

  • दुबई,
  • 03 नवंबर 2021,
  • अपडेटेड 8:14 PM IST
  • दूसरी जीत से न्यूजीलैंड की टीम के चार अंक हो गए हैं
  • शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाली स्कॉटलैंड की तीसरी हार थी

न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप के सुपर-12 चरण ग्रुप-दो मैच में स्कॉटलैंड को 16 रनों से शिकस्त दी. कीवियों की इस जीत में उसके स्टार बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल की 56 गेंदों में 93 रनों की धुआंधार पारी का अहम योगदान रहा. 

पिछले मैच में भारत को 8 विकेट से हराने वाली न्यूजीलैंड (0.816) के दूसरी जीत से चार अंक हो गए हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले में वह अब भी अफगानिस्तान (3.097) से पीछे है, जिसके भी चार अंक हैं. शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाली स्कॉटलैंड की यह तीसरी हार थी.

Advertisement

न्यूजीलैंड के 35 रनों पर दो विकेट गिर गए थे, लेकिन टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ गुप्टिल और ग्लेन फिलिप्स के साथ उनकी चौथे विकेट के लिए 73 गेंदों में 105 रन की भागीदारी से वापसी कर पांच विकेट पर 172 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. टीम ने अंतिम पांच ओवरों में इन दोनों खिलाड़ियों के विकेट गंवाकर 52 रन बनाए.

स्कॉटलैंड के बल्लेबाजों ने कड़ी टक्कर दी

इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर दी, जिसमें माइकल लीस्क अहम खिलाड़ी रहे जिन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए. पर न्यूजीलैंड ने अपने अनुभवी गेंदबाजों की बदौलत उसे निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 156 रन ही बनाने दिए. लीस्क ने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के जड़े.

Advertisement

लीस्क के अलावा स्कॉटलैंड के लिए मैथ्यू क्रॉस ने 27, सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुंजी ने 22 और रिची बैरिंगटन ने 20 रनों का योगदान दिया.
न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने 29 रन देकर, जबकि ईश सोढ़ी ने 42 रन देकर दो दो विकेट चटकाए. टिम साउदी को 24 रन देकर एक विकेट मिला.

... मार्टिन गुप्टिल शतक से चूक गए

उमस और गर्मी से जूझते हुए गुप्टिल शतक से सात रनों से चूक गए, उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में छह चौके और सात छक्के जमाए. फिलिप्स ने भी 22 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए गुप्टिल का अच्छा साथ निभाया. पर 19वें ओवर में ब्रैड व्हील ने इन दोनों के लगातार गेंदों पर विकेट झटक लिए. 

गुप्टिल के टी20 इंटरनेशनल में 150 छक्के

अनुभवी क्रिकेटर गुप्टिल ने इस दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3000 रन भी पूरे किए, जिससे वह भारतीय कप्तान विराट कोहली (3225 रन) के बाद इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए. इसके साथ ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए. भारत के रोहित शर्मा 134 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement