T20 WC, ENG Vs SL: टी-20 वर्ल्डकप में इंग्लैंड का शानदार सफर जारी है, सोमवार को श्रीलंका को मात देकर इंग्लिश टीम ने अपनी लगातार चौथी जीत हासिल की. इसी के साथ इंग्लैंड ने टी-20 वर्ल्डकप 2021 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इंग्लैंड ने श्रीलंका को 26 रनों से मात दी और शतक जड़ने वाले जॉस बटलर इस मैच के स्टार रहे.
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया था. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 163 रनों का स्कोर खड़ा किया. जॉस बटलर ने शानदार 101 रनों की नाबाद पारी खेली, वह इस टी-20 वर्ल्डकप में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं.
इंग्लैंड की टीम ने भी 35 रन पर अपने शुरुआती तीन विकेट गिरा दिए थे, लेकिन जोस बटलर की पारी ने टीम को संभाल लिया.
अगर श्रीलंका की बात करें तो एक वक्त पर वह इंग्लैंड को टक्कर देती हुई नज़र आ रही थी लेकिन श्रीलंका ने अपने आखिरी 5 विकेट सिर्फ 8 रनों के भीतर ही गंवा दिए. श्रीलंका का छठा विकेट 129 रन पर गिरा था और 137 पर पूरी टीम ही ऑल आउट हो गई.
ग्रुप-1 में अब इंग्लैंड की टीम टॉप पर बनी हुई है, उसने चारों मैच जीते हैं ऐसे में वह सेमीफाइनल में पहुंच गई है. वहीं, श्रीलंका ने सिर्फ 4 में से 1 मैच ही जीता है, ऐसे में उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो गई है. अब ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया के बीच टक्कर है कि कौन सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनती है.
aajtak.in