प्रो कबड्डी लीग के 8वें सीजन में लगातार रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है. चौथे हफ्ते के आखिर में खेले गए दोनों मुकाबलों में फैंस को एक बार फिर से कांटे की टक्कर देखने को मिली. बेंगलुरु में खेले जा रहे प्रो कबड्डी लीग के 8वें सीजन में मंगलवार को हुए मुकाबले में दबंग दिल्ली ने पटना पायरेट्स को एक करीबी मुकाबले में 32-29 से मात दी.
वहीं मंगलवार को हुए दूसरे मुकाबले में गुजरात लायंस और यू मुंबा ने एक-दूसरे के साथ 24-24 अंको के साथ ड्रॉ मुकाबला खेला.
दबंग दिल्ली बनाम पटना पायरेट्स
दबंग दिल्ली ने पटना पायरेट्स को विजय मलिक और संदीप नरवाल के बेहतरीन खेल की बदौलत 3 अंको से हरा दिया. दबंग ने 32-29 से जीत दर्ज की. दिल्ली के लिए विजय मलिक ने 9 अंक और संदीप नारवाल ने 8 अंक जुटाए. वहीं, पटना पायरेट्स के लिए प्रशांत ने सबसे ज्यादा 6 अंक जुटाए. दिल्ली के लिए मंजीत चिल्लर ने भी शानदार खेल दिखाया और लगातार टैकल प्वाइंट्स हासिल कर पटना को पीछे ढकेल दिया. पटना पायरेट्स का डिफेंस पूरे मुकाबले में कमजोर नजर आया.
गुजरात लायंस बनाम यू मुंबा
प्रो कबड्डी में फैंस को एक बार से दो टीमों के बीच कड़ी टक्कर का मुकाबला देखने को मिला. गुजरात लायंस और यू मुंबा के बीच हुआ मुकाबला 24-24 अंकों के साथ बराबरी पर समाप्त हुआ. दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष दिखाते हुए एक-दूसरे से बढ़त हासिल करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. यू मुंबा के लिए अजीत कुमार ने 8 और गुजरात लायंस के लिए अजय कुमार ने सबसे ज्यादा 7 अंक हासिल किए. दोनों टीमों ने डिफेंस में शानदार खेल दिखाया.
बुधवार को होने वाले मुकाबले
पटना के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद दबंग दिल्ली प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर बरकरार है. दबंग दिल्ली के नाम 11 मुकाबलों में 42 अंक हैं और पटना के नाम 11 मुकाबलों में 7 जीत और 3 हार के साथ 40 अंक. वहीं, गुजरात लायंस अंक तालिका में 10वें नंबर पर है. यू मुंबा प्वाइंट्स टेबल पर गुजरात के खिलाफ ड्रॉ मुकाबले के बाद 11 मुकाबलों में 31 अंकों के साथ छठे नंबर पर है. लीग में बुधवार को हरियाणा स्टीलर्स की भिड़ंत पुणेरी पलटन से होगी और दूसरी मुकाबला जयपुर पिंक पैंथर्स और तेलुगु टाइटंस के बीच खेला जाएगा.
aajtak.in