टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमोद भगत उन छह बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें खेल की विश्व संस्था द्वारा ‘वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी’ के लिए नामित किया गया है.
मौजूदा विश्व चैम्पियन भगत ने सितंबर में टोक्यो में पुरुषों की एकल एसएल3 क्लास में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था और उन्हें मनोज सरकार के साथ 'वर्ष की सर्वश्रेष्ठ पैरा बैडमिंटन जोड़ी' पुरस्कार के लिए भी पांच अन्य नामितों के साथ शामिल किया गया है. सरकार ने टोक्यो ओलंपिक की पुरुष एकल एसएल3 क्लास में कांस्य पदक जीता था.
33 साल के भगत को चार साल की उम्र में पोलियो हो गया था और अपने पड़ोसी को खेलते हुए देखकर ही वह इस खेल में आए थे. शुरू में उन्होंने सक्षम खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा की थी. भगत इस समय दुनिया के नंबर एक और एसएल3 में एशियाई चैम्पियन हैं. सक्षम खिलाड़ियों के नामांकन की सूची में कोई भी भारतीय शामिल नहीं है.
डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन और एंडर्स एंटोनसेन, चीन के वनांग यि ल्यू और जापान के युटा वाटानाबे को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष (सक्षम) खिलाड़ियों के लिए नामांकित किया गया है. शटलर एक्सेलसेन ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल किया था.
महिला एकल वर्ग में चीन की टोक्यो खेलों की स्वर्ण पदक विजेता चेन यु फेई, स्पेन की कैरालिना मारिन, ताइपे की ताई जु यिंग और जापान की अकाने यामागुची को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के लिए नामांकित किया गया है.
कोविड-19 महामारी के कारण योग्यता की समय सीमा बढ़ा दी गई, जिसे 2020 और 2021 सत्रों (एक नवंबर 2019 से लेकर 31 अक्टूबर) के लिए कर दिया गया.
विजेताओं की घोषणा इंडोनेशिया में नवंबर-दिसंबर में एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर के दौरान बाली चरण में की जाएगी. वर्ष की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी और वर्ष की सर्वश्रेष्ठ पैरा बैडमिंटन जोड़ी दो नए पुरस्कार वर्गों को शामिल किया गया है.
aajtak.in