चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने मिशन IPL का आगाज़ किया. इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के इस पहले मैच में लो-स्कोर मुकाबला देखने को मिला. लेकिन दोनों ही ओर से लड़ाई ज़बरदस्त देखने को मिली. साथ ही मस्ती भी देखने को मिली.
चेन्नई सुपर किंग्स जब बॉलिंग कर रही थी, तब वेस्टइंडीज़ के ड्वेन ब्रावो (Dwane Bravo) अपने ही अंदाज़ में नज़र आए. कोलकाता नाइट राइडर्स के वेंकटेश अय्यर का विकेट लेने के बाद ड्वेन ब्रावो ने डांस भी किया. इंडियन प्रीमियर लीग ने अपने ट्विटर अकाउंट से ब्रावो का वीडियो भी अपलोड किया है.
आईपीएल ने ट्वीट कर लिखा कि नया सीज़न और ड्वेन ब्रावो की ओर से नया सेलिब्रेशन.
आपको बता दें कि ड्वेन ब्रावो लंबे वक्त से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हैं और अक्सर मैदान पर अपने इसी तरह के अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं. चेन्नई सुपर किंग्स ने ड्वेन ब्रावो को 4.40 करोड़ रुपये में खरीदा था.
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ड्वेन ब्रावो ने वेंकटेश अय्यर (16), नीतीश राणा (21), सैम बिलिंग्स (25) को आउट कर पवेलियन भेजा. अगर चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो इस मैच में टीम का प्रदर्शन काफी खास नहीं रहा.
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी की और सिर्फ 131 रनों का स्कोर खड़ा किया. चेन्नई के शुरुआती पांच विकेट सिर्फ 61 के स्कोर पर ही गिर गए थे. इसके बाद कप्तान रवींद्र जडेजा और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच साझेदारी हुई, जिसके बाद चेन्नई 131 तक पहुंच पाई.
चेन्नई सुपर किंग्स के महेंद्र सिंह धोनी ने अंत में धमाकेदार पारी खेलते हुए फिफ्टी जड़ी. एमएस धोनी ने 38 बॉल में 50 रनों की पारी खेली. इसमें सात चौके, एक छक्का शामिल रहा. हालांकि, अंत में कोलकाता नाइट राइडर्स की ही जीत हुई.
aajtak.in