आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है. कोलंबो में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में बारिश विलेन बन सकती है. श्रीलंका मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना है. ऐसे में करोड़ों फैन्स जिस ब्लॉकबस्टर मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं, वह बाधित हो सकता है.
अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने एक टीवी शो में चौंकाने वाला बयान दिया. बासित चाहते हैं कि ये मैच बारिश से धुल जाए. उन्होंने कहा, 'मेरी दुआ है कि अल्लाह बारिश करा दे. मैं घबराने की वजह से नहीं बोल रहा, एक-एक पॉइंट मिलने का क्या मतलब है.' जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पूरा मैच नहीं देखना चाहते, तो उन्होंने दोबारा कहा कि वो चाहते हैं कि बारिश हो.
बासित अली का मानना है कि बारिश के चलते मैच धुलने पर पाकिस्तानी टीम को भी फायदा होगा और वो सुपर-8 स्टेज में पहुंच जाएगी. वैसे उनके इस बयान से कई फैन्स हैरान रह गए क्योंकि आमतौर पर सभी दर्शक पूरा मुकाबला देखना चाहते हैं. बासित के 'बारिश वाले बयान' पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी मजे लिए.
नियमों के मुताबिक किसी टी20 मुकाबले का परिणाम निकलने के लिए कम से कम 5-5 ओवर होने जरूरी हैं. अगर रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच में ऐसा नहीं हो पाता है, तो मुकाबला रद्द घोषित होगा. ग्रुप और सुपर-8 स्टेज में कोई रिजर्व डे नहीं है, ऐसे में दोनों टीमों को 1-1 अंक मिल जाएगा. फिलहाल भारत और पाकिस्तान अपने ग्रुप में बराबर अंकों पर हैं, हालांकि भारत नेट रन रेट में आगे है. अगर मैच धुल जाता है, तो दोनों टीम्स अगले दौर में पहुंच जाएंगी.
कोलंबो में बादल छाए हुए हैं और दिन में बारिश की संभावना ज्यादा है. शाम को भी हल्की बारिश का खतरा है और बादल छाए रहेंगे. नमी और तेज हवा खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है. फैन्स जहां पूरे 40 ओवर का रोमांच चाहते हैं, वहीं बारिश फैन्स के अरमानों पर पानी फेर सकती है. ऊपर से बसित अली की 'बारिश वाली दुआ; ने इस महामुकाबले के रोमांच में एक नया ट्विस्ट जोड़ दिया है.
aajtak.in