T20 WC 2022: वर्ल्ड कप से नामीबिया हुई बाहर... तो फूट-फूटकर रोने लगा ये प्लेयर

नामीबिया की टीम ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गई है. नामीबिया को यूएई ने रोमांचक मैच में सात रनों से मात दी. हार के बाद नामीबियाई खिलाड़ियों के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी. ऑलराउंडर डेविड विसे तो अपनी भावनाओं को काबू नहीं रख पाए और रोने लगे.

Advertisement
David Wiese David Wiese

aajtak.in

  • जिलॉन्ग,
  • 20 अक्टूबर 2022,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST

नामीबिया की टीम ऑस्ट्रेलिया में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गई है. गुरुवार (20 अक्टूबर) को जिलॉन्ग में खेले गए मैच में नामीबिया को यूएई ने सात रनों से मात दी. नामीबिया यदि यह मुकाबला जीत जाती तो वह सुपर-12 में प्रवेश कर लेती. लेकिन अब उसका सपना अधूरा रह गया है. अब नामीबिया के ग्रुप से श्रीलंका और नीदरलैंड को सुपर-12 में जाने का मौका मिला है.

Advertisement

टूर्नामेंट से बाहर होने की निराशा नामीबियाई खिलाड़ियों के चेहरे पर साफ नजर आ रही थी. ऑलराउंडर डेविड विसे तो अपनी भावनाओं को काबू नहीं रख पाए और फूट-फूटकर रोने लगे. विसे ने अर्धशतकीय पारी खेलकर नामीबिया की उम्मीदें कायम रखी थी, लेकिन आखिरी ओवर में वह पवेलियन लौट गए जिसके बाद टीम ने भी मुकाबला गंवा दिया.

डेविड विसे नामीबिया से पहले साउथ अफ्रीकी टीम के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं. 37 साल के विसे ने ने साल 2013 में साउथ अफ्रीका के लिए अपना टी20 डेब्यू किया और 20 मैचों में 24 विकेट लिए. बाद में डेविड विसे ने नामीबिया का रुख किया. विसे ने नामीबिया के लिए अब तक 19 टी20 में 27.76 की औसत से 391 रन बनाए हैं. साथ ही उनके नाम पर 28.76 के एवरेज से 17 विकेट भी दर्ज हैं.

Advertisement

विसे ने बनाए शानदार 55 रन

मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए यूएई ने तीन विकेट पर 148 रन बनाए थे. मुहम्मद वसीम ने 41 बॉल पर 50 रनों की पारी खेली थी, जिसमें तीन छक्के और एक चौके शामिल रहे. इसके अलावा सीपी रिजवान ने 43 और बासिल हमीद ने नाबाद 25 रनों का योगदान दिया. जवाब में डेविड वीसे के 55 रनों के बावजूद नामीबियाई टीम आठ विकेट पर 141 रन ही बना पाई.

मैच के आखिरी ओवर में नामीबिया को 14 रन बनाने थे, लेकिन मुहम्मद वसीम ने केवल छह रन दिए और विसे का विकेट लेकर नामीबिया की उम्मीदें तोड़ दी. यूएई की ओर से बासिल हमीद और जहूर खान ने दो-दो विकेट सफलताएं प्राप्त हुईं. मुहम्मद वसीम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

भारत का नीदरलैंड से भी होगा मुकाबला

हार के साथ ही नामीबिया की टीम जहां प्रतियोगिता से बाहर हो गई. वहीं नीदरलैंड और श्रीलंका ने सुपर-12 स्टेज के लिए क्वालिफाई कर लिया है. नीदरलैंड ने क्वालिफाइंग राउंड-1 के ग्रुप-ए में श्रीलंका के बाद दूसरा स्थान हासिल किया. इसके चलते उसे सुपर-12 स्टेज के ग्रुप-2 में एंट्री मिली है जिसमें भारत, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश की टीमें शामिल है. मतलब यह है कि भारत से नीदरलैंड का मुकाबला 27 अक्टूबर को होना तय हो चुका है.

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement