भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ अक्सर सुर्खियों में बने रहे हैं. पृथ्वी अब अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लाइमलाइट में आए हैं. पृथ्वी ने 8 मार्च (रविवार) को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड आकृति अग्रवाल से सगाई कर ली. पृथ्वी की सगाई उनके बचपन के दोस्त अर्जुन तेंदुलकर की 5 मार्च को हुई शादी के कुछ ही दिनों बाद हुई है.
पृथ्वी शॉ ने खुद सोशल मीडिया पर इस खुशखबरी को शेयर किया. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फोटोज शेयर करते हुए लिखा, 'मैदान पर छक्कों से लेकर अब जिंदगी भर की शानदार पारी तक. वो मेरी पफेक्ट इनिंग्स है.' इस पोस्ट के बाद फैन्स और क्रिकेट जगत से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
पृथ्वी शॉ की होने वाली दुल्हनियां आकृति अग्रवाल एक जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक सगाई करने से पहले दोनों काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. आकृति के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 32 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. इसके अलावा उनका यूट्यूब चैनल भी तेजी से बढ़ रहा है, जहां करीब 90 हजार सब्सक्राइबर्स हैं.
आकृति अग्रवाल अपनी फैशन, लाइफस्टाइल और डांस रील्स के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान टिकटॉक से लोकप्रियता हासिल की और बाद में इंस्टाग्राम पर अपना बड़ा ऑडियंस बेस बना लिया. इन्फ्लुएंसर के बाद अब आकृति एक्ट्रेस के रूप में भी करियर बना रही हैं. आकृति ने तेलुगु फिल्म त्रिमुखा से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया है.
ऐसा रहा है पृथ्वी का इंटरनेशनल करियर
दाएं हाथ के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने भारतीय टीम के लिए अब तक 5 टेस्ट, छह वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला है. इस दौरान उन्होंने टेस्ट मैचों में 42.37 की औसत से 339 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे. वहीं वनडे इंटरनेशनल में पृथ्वी के नाम पर 31.50 की औसत से 189 रन दर्ज हैं.
टी20 इंटरनेशनल में पृथ्वी शॉ का खाता नहीं खुला. 26 साल के पृथ्वी ने भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला था. पृथ्वी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलते नजर आएंगे.
aajtak.in